मैं नहीं लड़ूंगा विधानसभा चुनाव, केवल पार्टी के लिए करूंगा प्रचार : आनंद शर्मा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 23, 2022 - 09:44 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा ने विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वह केवल पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं। इस बार भी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए ही प्रचार करेंगे। 5 राज्यों में हो रहे चुनावों को लेकर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह ज्योतिषी नहीं हैं। बसाल में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपनी ही पार्टी का गुणगान कर रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि देश में पिछले 70 वर्षों में कोई विकास नहीं हुआ। इन 70 वर्षों में 14 वर्ष देश में भाजपा की केंद्र में सरकार रही है। स्थिति यह हो गई है कि आज देश बेरोजगारी व महंगाई से तंग है। यूपीए सरकार में शुरू की गई मनरेगा ही कोरोना काल में लोगों की लाइफ लाइन बनकर उभरी है लेकिन इसमें लोगों को केवल 200 रुपए दिहाड़ी दी जा रही है। उन्होंने केन्द्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि मनरेगा में मिलने वाली दिहाड़ी को 400 रुपए करना चाहिए। कोरोना के कारण देश में करीब डेढ़ करोड़ औद्योगिक इकाइयां बंद पड़ी हुई हैं। अर्थव्यवस्था पटरी से उतर गई है। केन्द्र का विकास केवल पोस्टर व बैनरों में ही दिख रहा है जबकि जमीनी सच्चाई कुछ और है। 

इश्तेहारी है भाजपा सरकार, जमीन पर हकीकत में कुछ नहीं हुआ

इससे पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हिमाचल के आगामी विधानसभा चुनाव में जरूर बदलाव होगा और कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा सरकार को इश्तेहारी करार देते हुए उन्होंने कहा कि जमीन पर हकीकत में कुछ नहीं हुआ है। सड़कों की हालत बेहद खराब है। कोविड से देश में लाखों लोगों की मौत हुई है व बच्चे अनाथ हुए हैं। उन्हें डिजास्टर मैनेजमैंट एक्ट के मुताबिक 4-4 लाख रुपए का मुआवजा मिलना चाहिए था लेकिन मोदी सरकार ने मात्र 50-50 हजार रुपए की राहत राशि दी। उन्होंने कहा कि कोविड से सरकारी आंकड़ों से करीब 7 गुना अधिक मौतें हुई हैं। 

हिमाचल मेरा घर, सैलानी की तरह घूमने नहीं आया हूं

जब आनंद शर्मा से पूछा गया कि वह चुनावी वर्ष में हिमाचल प्रवास पर आए हैं तो इस पर उन्होंने कहा कि हिमाचल उनका घर है, वह कोई पर्यटन करने नहीं आए हैं। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर यही कहा कि नो-कमैंट्स। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन काल को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उन्हें राजनीति में 50 वर्ष हो गए हैं। वह 18 वर्ष की उम्र से राजनीति से जुड़ गए थे और 1984 से वह राज्यसभा सांसद हैं। बसाल पंचायत के सामुदायिक भवन का भी उन्होंने लोकार्पण किया। इस भवन के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपए दिए थे।

ये रहे मौके पर मौजूद

इस मौके पर विधायक कर्नल धनी राम शांडिल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिव कुमार, संगठन मंत्री रजनीश किम्टा, रमेश ठाकुर, सुरेन्द्र सेठी, कुशल जेठी, विनय शर्मा, रोहित शर्मा, अमन सेठी, विक्रम ठाकुर बॉबी, ब्लाॅक कांग्रेस के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, कांग्रेस प्रदेश महासचिव विनोद सुल्तानपुरी व नगर निगम की अध्यक्ष पूनम ग्रोवर सहित सोलन कांग्रेस के कई नेता उपस्थित रहे। इसके पहले उन्होंने कसौली निर्वाचन क्षेत्र के सुबाथू में भी एक कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद सुल्तानपुरी व कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News