कर्फ्यू के बीच शराब बेचते रंगे हाथों पकड़ा पूर्व पंचायत प्रधान

Thursday, Apr 30, 2020 - 03:30 PM (IST)

नाहन (सतीश): लॉकडाऊन व कर्फ्यू के बीच शिलाई विधानसभा क्षेत्र के जरवा जुनेली में अवैध रूप से शराब बेचने का भंडाफोड़ हुआ है।  दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचायत का एक पूर्व प्रधान पिछले लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेचता है। स्थानीय महिलाओं द्वारा भी पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया था। बुधवार देर रात तक जब उक्त व्यक्ति शराब बेच रहा था तो स्थानीय महिला मंडल की सदस्यों ने इसे रंगे हाथों पकड़ा और पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शराब को कब्जे में लिया। आरोपी के कब्जे से इस दौरान 12 बोतलें देसी शराब बरामद हुई। जानकारी के मुताबिक आरोपी लम्बे समय से शराब का कारोबार कर रहा है। स्थानीय महिलाओं द्वारा कई बार आरोपी व्यक्ति को चेतावनी दी गई थी, बावजूद इसके यह लगातार शराब बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Vijay