पूर्व विधायक KD Dharmani का हृदय गति रुकने से निधन

Wednesday, Feb 13, 2019 - 10:30 PM (IST)

घुमारवीं: घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व विधायक एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष कर्म देव धर्माणी निवासी करंगोड़ा का बुधवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक अपने दोस्तों से मिलने घुमारवीं बाजार में हर रोज की तरह पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक सीने में दर्द उठा और उनके दोस्तों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया लेकिन उनकी तबीयत अचानक बिगड़ती चली गई। वहां पर उपस्थित तमाम लोग उन्हें अस्पताल ले गए जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कर्म देव धर्माणी 68 वर्ष के थे।

भाजपा में कार्यकर्ता के रूप में शुरू किया था राजनीतिक जीवन

बताते चलें कि कर्म देव धर्माणी ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था। वर्ष 1990 में कर्म देव धर्माणी पहली बार विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं से चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। वर्ष 1998 में कर्म देव धर्माणी को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाकर विधानसभा चुनाव में उतारा था, लेकिन इस चुनाव में वे चुनाव हार गए थे। उस समय प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी। इसी दौरान कर्म देव धर्माणी को 20 सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष के रूप में नवाजा गया था। इसके उपरांत वर्ष 2003 में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारा और वे चुनाव जीत गए, लेकिन प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी थी।

2007 के विधानसभा चुनावों में मिली थी हार

वर्ष 2007 के विधानसभा चुनावों में कर्म देव धर्माणी कांग्रेस प्रत्याशी से चुनाव हार गए थे। इस चुनाव के उपरांत उनका राजनीतिक करियर लगभग समाप्त हो गया था। कर्म देव धर्माणी को समूचे हिमाचल प्रदेश में एक स्पष्ट वक्ता तथा ईमानदार व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता था तथा वे सिद्धांतवादी थे। लोग कर्म देव धर्माणी के बारे में अक्सर कहा करते थे कि यह व्यक्ति जो कहता है, वही करता है। यह व्यक्ति कभी झूठ नहीं बोलता है। पूर्व विधायक अपने पीछे अपनी बूढ़ी मां, पत्नी, बेटा व बेटी को छोड़ गए हैं। पूर्व विधायक नका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सीर खड्ड के किनारे किया जाएगा।

Vijay