पूर्व विधायक गन्धर्व सिंह का निधन

Tuesday, Dec 10, 2019 - 10:45 AM (IST)

तुनुहट्टी (चंबा) (ब्यूरो): पूर्व विधायक विधानसभा क्षेत्र बनीखेत गन्धर्व सिंह (87) गांव संधारा का रविवार रात्रि देहांत हो गया। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार संधारा के श्मशानघाट में कर दिया गया। पूर्व विधायक गंधर्व सिंह का जन्म सुदली पंचायत के एक छोटे से गांव संधारा में 5 अक्तूबर, 1932 में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा स्कूल चूहन में लेने के बाद चंबा में भी शिक्षा ग्रहण की, फिर पुलिस विभाग की नौकरी के दौरान इनका विवाह वर्ष 1957 में सरोल (चम्बा) में प्रकाश देई से हुआ। उनके 2 लड़कियांं और एक लड़का है। 

गंधर्व अपनी सुदली पंचायत में 13 साल प्रधान रहे। वर्ष 1990 में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से विधानसभा क्षेत्र बनीखेत में टिकट मिलने से अपनी जीत दर्ज की। विधायक के कार्यकाल में इन्होंने बहुत से गरीब परिवारों को रोजगार दिलाया। अपने इलाके में डैम में गई हुई जमीन के मालिकों के परिवारों के सदस्यों को भी पंजाब सरकार में रोजगार दिलाया। अयोध्या कांड हो जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार गिर जाने के बाद अढ़ाई साल ही वे विधायक के पद पर आसीन रहे। सादगी का जीवन जीने वाले गन्धर्व सिंह ने अपना सारा जीवन लोगों की सेवा में बिताया।

Edited By

Simpy Khanna