पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने उठाई उंगली, कहा-युवा कांग्रेस में सिफारिश से बनाए पदाधिकारी

Tuesday, Sep 17, 2019 - 11:12 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): उपचुनाव से पहले पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने युवा कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। पूर्व मंत्री ने यहां जारी बयान में कहा कि युवा कांग्रेस का संगठन लगातार पीछे जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस में धरातल पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। सिफारिश के आधार पर नियुक्त पदाधिकारियों के कारण युवा कांग्रेस कमजोर होती जा रही है जबकि बीते कुछ वर्षों से मजबूत युवाओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

युवा कांग्रेस को अभी तक नहीं मिला स्थायी अध्यक्ष

उन्होंने कहा कि प्रदेश युवा कांग्रेस को अभी तक स्थायी अध्यक्ष नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कांग्रेसजनों को विश्वास में लिए बिना नियुक्तियां एवं कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, जिनकी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जानकारी तक नहीं होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस के बाहर से आए प्रभारी पर्यटक की तरह प्रदेश में मौज-मस्ती करके लौट जाते हैं। कई अन्य नेता भी युवा कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर अंगुली उठा चुके हैं।

बदलाव न किया तो हो सकता है नुक्सान

पूर्व मंत्री ने कहा कि युवा कांग्रेस में मजबूत पदाधिकारियों की अनदेखी से इसके प्रभारियों पर भी सवाल उठ रहे है। उन्होंने कहा कि अगर युवा कांग्रेस संगठन में जल्द बदलाव नहीं किया गया तो आगामी समय में पार्टी को नुक्सान हो सकता है।

Vijay