Letter में ये शब्द लिखकर घर से अचानक गायब हुआ पूर्व HRTC कर्मी

Wednesday, Apr 25, 2018 - 12:40 AM (IST)

घुमारवीं: नगर परिषद घुमारवीं के वार्ड नंबर 3 अम्बेदकर वार्ड से एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गायब हो गया। जानकारी के अनुसार रत्न लाल पुत्र खींथा राम हिमाचल पथ परिवहन निगम से मैकेनिक के पद से सेवानिवृत्त हुआ था। बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल रविवार को रत्न लाल की पत्नी गेहूं की कटाई करने के लिए गई हुई थी जबकि उसकी 2 बेटियां घर पर ही थीं। सुबह करीब साढ़े 10 बजे रत्न लाल ने अपनी बेटी पूजा को कहा कि थैले में पैसे रख दिए हैं, आप लोग सोसायटी से राशन ले आना। उसके उपरांत रत्न लाल घर से चला गया। इसी बीच उनकी बेटियों को घर में रखा एक पत्र मिला। बताया जा रहा है यह पत्र रत्न लाल द्वारा ही लिखा गया है जिसके नीचे उसने अपने हस्ताक्षर भी किए हैं।


....मैं इस घर से जा रहा हूं
कथित पत्र में रत्न लाल ने लिखा है कि मैं इस घर से जा रहा हूं। अब सभी रास्ते बंद हो गए हैं। कुछ और लोग भी कर रहे हैं। अपना शरीर ठीक नहीं है। कृपया मेरे बच्चों को नौकरी दिलवा देना। बाकी घर बार बना दिए हैं। मकानों को बनाकर थक गया हूं। 2 साल से पानी नहीं आ रहा है। दुखी हो गए हैं। रास्ते की तंगी आ गई है। अब यहां से जाना ही अच्छा है। इस पत्र के मिलने के बाद परिवार व आस-पड़ोस में हड़कंप मच गया। रत्न लाल के भाई ज्ञान चंद ने रत्न लाल के मोबाइल पर फोन किया। रत्न लाल ने कहा कि भाई आखिरी प्रणाम स्वीकार करें। थोड़ी देर के उपरांत आप सभी को सब कुछ पता चल जाएगा। उसके बाद उसने फोन काट दिया। 


बेटे से बात करने के बाद बंद कर दिया मोबाइल
इसके बाद परिवार वालों ने उसके बेटे शिव कुमार को सूचित कर दिया। जब बेटे ने अपने पिता को फोन किया तो उसने बताया कि मैं पानी के किनारे खड़ा हूं। उसके बाद रत्न लाल का मोबाइल स्विच ऑफ  हो गया। अम्बेदकर वार्ड से पार्षद रीता बंसल ने बताया कि परिवार वाले बस स्टैंड पर गए तथा वहां पर छानबीन की। बस स्टैंड पर पता चला कि रत्न लाल भटोली जाने वाली बस में बैठ कर चला गया। सारे लोग भटोली पहुंचे। भटोली में छानबीन करने पर पता चला कि रत्न लाल ने वहां एक दुकान से 4 केले व एक नमकीन का पैकेट खरीदा तथा उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।


पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
रीता बंसल ने बताया कि रत्न लाल को सभी जगह ढूंढा गया लेकिन उसका कोई भी सुराग नहीं लगा। परिवार वालों ने इस घटना की सूचना पुलिस थाना घुमारवीं को दी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा पत्र को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस सारे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Vijay