भरमौरी बोले- हाईकमान आदेश करे तो कांगड़ा-चम्बा या मंडी सीट पर चुनाव लड़ने को तैयार

Wednesday, Jul 18, 2018 - 10:52 AM (IST)

चम्बा (विनोद): मंडी व कांगड़ा संसदीय सीट पर चुनाव लड़ने के लिए जहां कांग्रेस पार्टी के नेता एक दूसरे को आगे कर रहे हैं तो वहीं पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कांगड़ा-चम्बा व मंडी संसदीय सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हालांकि चुनाव लड़वाना या नहीं यह पार्टी हाईकमान पर निर्भर है लेकिन पार्टी ने उन्हें यह दायित्व सौंपा तो वह न सिर्फ चुनाव लड़ेंगे बल्कि कांग्रेस को सीट भी दिलवाएंगे। भरमौरी ने कहा कि कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र में जहां गद्दी समुदाय की इस संसदीय सीट में महत्वपूर्ण भूमिका है तो साथ ही जिला चम्बा का उन्हें पूरा आशीर्वाद प्राप्त है। 


उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अगर उन्हें कांगड़ा-चम्बा या फिर मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारता है तो जिला चम्बा को पहली बार इस लोकसभा चुनाव में किसी पार्टी द्वारा प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें कोई दोराय नहीं है कि जिला चम्बा में लोग अब इस संसदीय क्षेत्र से जिला चम्बा के प्रत्याशी को मैदान में देखना चाहते हैं। भरमौरी से पूछा गया कि मंडी व कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के नेता चुनाव लड़ने से बचना चाहते हैं तो उन्होंने कहा कि वह किसी भी चुनाव से नहीं डरते हैं। 


उन्होंने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने समूचे जिला चम्बा के साथ-साथ गद्दी समुदाय को प्रमुख्ता दी है। यही वजह है कि आज भी लोग ठाकुर सिंह भरमौरी को अपने दिलों में स्थान दिए हुए हैं। उन्होंने भाजपा का कटाक्ष करते हुए कहा है कि भरमौर में 9 वर्षों से वन विभाग में कार्य कर रहे मजदूरों को विधायक के कहने पर निकाल दिया गया जोकि सरासर गलत है। भरमौर व पांगी में प्रशासनिक अधिकारियों के पद खाली पड़े हैं। जिस वजह से लोगों को अपने कार्य करवाने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
 

Ekta