पूर्व मुख्यमंत्री का आरोप, रोजगार के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे CM जयराम

Tuesday, Jan 16, 2018 - 09:34 AM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर रोजगार के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में पढ़े-लिखे बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए कौशल विकास निगम की स्थापना तक की। इसके अतिरिक्त सरकारी क्षेत्र में 70,000 से अधिक नौकरियां उपलब्ध करवाई गईं। वीरभद्र ने यहां जारी बयान में मुख्यमंत्री के उस बयान पर हैरानी जताई, जिसमें उन्होंने कहा है कि वीरभद्र और सुक्खू के झगड़े में बेरोजगार पिसे।


उन्होंने कहा कि यह बयान तथ्यों से परे और पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में बेरोजगारी भत्ता बंद करने के प्रयास में बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी वायदों को पूरा कर प्रदेश में रोजगार के अनेक द्वार खोले। उन्होंने कहा है कि पूर्व सरकार पर दोषारोपण करने से उन्हें कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उनके शासनकाल के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में थी।