India Hockey Team के पूर्व कप्तान सरदारा सिंह ने मेधावी खिलाड़ियों को दिए Tips (Video)

Wednesday, Feb 13, 2019 - 06:56 PM (IST)

हमीरपुर (अरविंदर): प्रदेश में हॉकी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से हिमाचल हॉकी संघ ने प्रयास तेज कर दिया है और इसके चलते ही बुधवार को हमीरपुर में अर्जुन अवार्डी एवं भारत हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदारा सिंह और उनके भाई ओलिपिंयन दिलबाग सिंह ने शिरकत की। बाल स्कूल खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 4 जिलों के मेधावी हॉकी खिलाड़ियों को सरदारा सिंह द्वारा टिप्स दिए गए, वहीं हॉकी किट भेंट की गई। सरदारा सिंह ने बातचीत के दौरान हॉकी इंडिया के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की और उम्मीद जताई कि जुलाई में होने वाले ओलिंपिक क्वालीइफायर में भारत के पुरुष व महिला खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।

अनुराग ठाकुर ने उठाया खिलाड़ियों के मार्गदर्शन का बीड़ा

हिमाचल हॉकी संघ के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने प्रदेश में हॉकी की प्रतिभाओं को निखारने के लिए कदम उठाते हुए हमीरपुर ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा जिला के हॉकी के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय खिलाड़ियों के मार्गदर्शन का बीड़ा उठाया है। इसी के चलते हमीरपुर में पहुंचे हॉकी के पूर्व कप्तान सरदारा सिंह ने खिलाड़ियों को टिप्स दिए और हॉकी खेलने के मूल मंत्र को बताया।

टैलेंट की नहीं कमी, जरूरत है तो खिलाड़ियों को तराशने की

सरदारा सिंह ने कहा कि हिमाचल की हॉकी को उज्ज्वल बनाने के लिए अनुराग ठाकुी के साथ प्रयास कर रहे हैं जोकि सराहनीय है। उन्होंने कहा कि देश में टैलेंट की कमी नहीं है लेकिन जरूरत खिलाड़ियों को तराशने की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में हिमाचल भी मॉर्डन हॉकी को अपनाते हुए बेहतर प्रदर्शन करेगा। प्रीमियर हॉकी लीग पर उन्होंने कहा कि लीग के शुरू होने से देश के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलता है, जिससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी निखार देखने को मिल रहा है।

डोप फ्री चल रही हॉकी इंडिया

हॉकी में डोपिंग पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कैंपों में डोप पर विशेष नजर रखी जा रही है और खिलाड़ियों को डाइट के साथ-साथ फिजीशियन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं ताकि डोप की समस्याओं में खिलाड़ी न फंसे। उन्होंने खुशी जताई कि अभी तक हॉकी इंडिया डोप फ्री चल रही है।

Vijay