भाजपा के पूर्व प्रदेश आईटी संयोजक व पूर्व पार्षद 6 वर्ष के लिए निष्कासित

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2020 - 04:31 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): भाजपा ने पूर्व प्रदेश आईटी संयोजक रवि राणा व सोलन नगर परिषद के वार्ड नम्बर-1 के पूर्व पार्षद मनीष कुमार को पार्टी से 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। भाजपा जिला कार्यालय सोलन की जमीन मामले में सह आरोपी बनाने के बाद उन पर गाज गिरना लगभग तय माना जा रहा था लेकिन पूर्व प्रदेश आईटी संयोजक रवि राणा के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई से थोड़ी हैरानी जरूर हुई है।

बताया जा रहा है कि उन पर भाजपा जिला कार्यालय की भूमि मामले की शिकायत केन्द्र गृह मंत्री अमित शाह को करना भारी पड़ा है। उन्होंने अपनी शिकायत में स्थानीय नेताओं के साथ-साथ संगठन के कई नेताओं पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। यही कारण है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। मजेदार बात यह है कि मनीष के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई का साहस स्थानीय मंडल नहीं जुटा पाया क्योंकि पिछले दिनों पूर्व भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने पर मंडल की खूब किरकिरी हुई थी।

यह मामला पार्टी हाईकमान के साथ-साथ मुख्यमंत्री के दरबार तक पहुंच गया था। पार्टी हाईकमान ने सोलन भाजपा मंडल को कई दिन पूर्व ही मनीष के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए थे लेकिन मंडल ने इस मामले को प्रदेश अध्यक्ष की मंजूरी के लिए भेज दिया। प्रदेश अध्यक्ष से मंजूरी मिलने के बाद जिला अध्यक्ष ने ही मनीष के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया।

जिला अध्यक्ष भाजपा सोलन आशुतोष वैद्य ने बताया कि भाजपा ने पूर्व प्रदेश आईटी संयोजक रवि राणा व पूर्व पार्षद मनीष के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। भाजपा की जिला कार्यालय की भूमि मामले में मनीष सह आरोपी है जबकि रवि राणा के खिलाफ कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News