भाजपा के पूर्व मंत्री चौधरी विद्यासागर का निधन

Friday, Apr 26, 2019 - 08:32 PM (IST)

कांगड़ा (अविनाश): पूर्व मंत्री एवं भाजपा के दिग्गज नेता चौधरी विद्यासागर का वीरवार देर रात निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। वह 84 साल के थे। उन्होंने कांगड़ा के पास गांव में अपने आवास में रात करीब 12 बजे अंतिम सांस ली। चौधरी विद्यासागर का अंतिम संस्कार जमानाबाद रोड स्थित श्मशानघाट पर किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में राजनेता व अन्य लोग शामिल हुए।

4 बार कांगड़ा से विधायक रहे हैं विद्यासागर

चौधरी विद्यासागर 4 बार कांगड़ा से विधायक रहे हैं। वह शांता कुमार के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार व प्रेम कुमार धूमल की सरकार में भी मंत्री रहे हैं। चौधरी विद्यासागर ने अपना पहला चुनाव 1982 में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से लड़ा व जीत दर्ज की। उसके बाद 1985 और 1990 में भी जीतकर विधानसभा पहुंचे। वर्ष 1993 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 1998 में एक बार फिर कांगड़ा से चुनकर विधानसभा पहुंचे और प्रेम कुमार धूमल की भाजपा सरकार में मंत्री रहे।

हमेशा खलेगी चौधरी विद्यासागर की कमी : जयराम

उधर, दाड़ी मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में अपने संबोधन से पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मंत्री चौधरी विद्यासागर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा को हमेशा उनकी कमी खलेगी। सी.एम. ने शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी विद्यासागर एक महान नेता थे, जिन्होंने गरीबों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि चौधरी विद्यासागर पार्टी के एक कर्मठ नेता थे और उनके निधन से पार्टी को भारी क्षति पहुंची है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि चौधरी विद्यासागर को उनकी स्वच्छ छवि के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। 

Vijay