धूमल बोले-देहरा में CU के शिलान्यास की औपचारिकताएं अंतिम दौर में

Sunday, Jan 06, 2019 - 11:37 PM (IST)

देहरा/गरली (जोशी/रविंद्र): पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिलान्यास को लेकर औपचारिकताओं का दौर अंतिम स्तर पर है और बहुत जल्द इसकी घोषणा की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री देहरा में आयोजित भाजपा पदाधिकारियों के सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में जिला कांगड़ा के लिए सी.यू. की घोषणा के बाद से ही यह पूरी तरह से स्पष्ट था कि इसके लिए देहरा में ही सबसे उपयुक्त भूमि उपलब्ध है और तत्कालीन भाजपा सरकार की ओर से देहरा में ही ब्यास कैम्पस के लिए भूमि का चयन किया गया था, जिस पर अब सी.यू. निर्माण का सपना फलीभूत होने वाला है, जिसमें क्षेत्र के लोगों के संयम व संघर्ष का भी योगदान है।

कांग्रेस ने राजनीतिक द्वेष भावना के कारण लटकाया मामला

उन्होंने कहा कि कांगे्रस सरकार ने केवल राजनीतिक द्वेष भावना के कारण सी.यू. जैसे अहम शिक्षण संस्थान को बिना वजह लटकाए रखा, जिससे न केवल प्रदेश के युवाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ हुआ, बल्कि राज्य के विकास पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि, प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, संसदीय क्षेत्र प्रभारी संजीव कटवाल और जिला प्रभारी विजय पाल सोहारू सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।

राष्ट्रवादी और अवसरवादी शक्तियों के बीच लड़ा जाएगा अगला चुनाव

वहीं परागपुर में आयोजित भाजपा कार्यकत्र्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अगला चुनाव महज भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी और अवसरवादी शक्तियों के बीच लड़ा जाएगा। इसलिए जनता को आज से ही तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि परागपुर शुरू से ही जनसंघ का गढ़ रहा है। जनता पार्टी और बाद में भाजपा का साथ यहां की जनता ने दिया है। कई बार यहां से मास्टर वीरेंद्र को विजयी बनाकर भेजा है। अब समय आ गया है कि इस गढ़ को मजबूत दुर्ग बनाया जाए। धूमल ने कार्यकत्र्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने बूथ को मजबूत करें। बूथ विजय से ही पूर्ण विजय का सपना साकार होगा।

Vijay