''भूल जाने की बीमारी का इलाज करवाएं मुख्यमंत्री''

Friday, Jul 21, 2017 - 05:58 PM (IST)

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व राज्य अध्यक्ष राम सिंह ने प्रैस को जारी बयान में कहा है कि कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वास्तव में सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री की विभिन्न बीमारियों के कारण और उनकी वृद्धावस्था के चलते उन्हें अधिकतर भूलने की आदत की ओर इंगित किया है। उन्होंने कहा कि यह एक सार्वजनिक तथ्य है, जिसके कारण वह प्रदेशभर में पिछले 10 वर्षों से निरंतर चर्चित भी होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक तौर पर ऐसी बात कहने की हिम्मत केवल सुक्खू में ही है, जो इस बात को उजागर करने की हिम्मत रखते हैं।


भूलने की बीमारी का भी नियमित इलाज करवाएं
राम ने कहा कि सी.एम. को चाहिए कि वह अपने व पार्टी के हित में अपनी कई बीमारियों के साथ-साथ अपनी इस भूलने की बीमारी का भी नियमित इलाज करवाएं। उन्होंने कहा कि हिमाचल सचिवालय में ही नहीं, बल्कि सरकार के सभी निदेशालयों में भी बिना कुछ कहे सभी अधिकारी और अधीनस्थ कर्मचारी इस बारे में भलीभांति जानते हैं कि एक ही दिन में एक ही कर्मचारी अथवा अधिकारी के कई-कई विरोधाभाषी स्थानांतरण आदेश मुख्यमंत्री से प्राप्त हो रहे हैं। ऐसे आदेशों से तो यही स्पष्ट होता है कि ऐसे आदेश जारी करने के बाद मुख्यमंत्री स्वयं ही पूरी तरह से भूल जाते हैं कि उन्होंने ऐसे आदेश इससे पूर्व किस राजनेता व उच्चाधिकारी के आग्रह पर दिए हैं।