राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका अहम : राकेश पठानिया

punjabkesari.in Thursday, Dec 02, 2021 - 05:33 PM (IST)

नूरपुर (संजीव महाजन): नूरपुर में वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने राणा फॉर्म बौड़ में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार बोर्ड द्वारा आयोजित जागरूकता शिविर में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने असंगठित क्षेत्र के 288 पंजीकृत लाभार्थियों को इंडक्शन चूल्हे वितरित किए। कार्यक्रम में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार बोर्ड के अध्यक्ष राकेश शर्मा, एसडीएम अनिल भारद्वाज, ज़िला श्रम अधिकारी राज कुमार शर्मा, प्रदेश किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष चमन लाल डढवाल, प्रदेश आईटी व सोशल मीडिया सैल संयोजक डॉ. विशाल नैहरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर वन मंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका अहम है तथा देश और प्रदेश के आर्थिक विकास में कामगारों का हमेशा विशेष योगदान रहता है।
PunjabKesari, Minister Rakesh Pathania Image

कामगारों के हितों की सुरक्षा तथा सामाजिक कल्याण राज्य सरकार के लिए सर्वोपरि

राकेश पठानिया ने कहा कि कामगारों तथा उनके परिजनों के हितों की सम्पूर्ण सुरक्षा तथा सामाजिक कल्याण सर्वोपरि है, जिसके लिए केंद्र तथा प्रदेश सरकार पूरी सेवा और समर्पण की भावना से कार्य कर रही है। हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का गठन वर्ष, 2009 में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा उनके परिजनों के हितों की सुरक्षा तथा सामाजिक कल्याण सुनिश्चित बनाने के लिए किया गया था। इन कानूनों के लागू होने से कामगारों तथा उनके परिवारों को लाभ मिलना सुनिश्चित  हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से मजदूरों के कल्याण हेतु इस वर्ष 796 करोड़ रुपए व्यय किये जा रहे हैं।

जिला के 18149 श्रमिकों को 21.65 करोड़ के लाभ वितरित

राकेश पठानिया ने बताया कि कांगड़ा जिला में हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से सराहनीय कार्य हुआ है। इसमें असंगठित क्षेत्र के 18149 श्रमिकों को अब तक 21 करोड़ 64 लाख 89 हजार 230 रुपए के विभिन्न लाभ उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। जिले में ई-श्रम पोर्टल के तहत अब तक 79156 गरीब अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।
PunjabKesari, E-Shram Card Registration Image

10 जनवरी तक सबसे अधिक श्रम कार्ड बनवाने वाली पंचायत को मिलेंगे 25 लाख

राकेश पठानिया ने कहा कि नूरपुर विकास खंड के तहत गरीब परिवारों को श्रम कल्याण बोर्ड से पंजीकृत करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने 10 जनवरी, 2022 तक सबसे अधिक श्रम कार्ड बनवाने वाली पंचायत को विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, महिला, युवक मंडलों तथा सभी समाजसेवी संस्थाओं से इस पुनीत कार्य में जुड़ने का आह्वान किया, ताकि हर गरीब परिवार को कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ मिल सके।
PunjabKesari, E-Shram Card Registration Image

कामगारों से शीघ्र अपंजीकरण करवाने की अपील

इस मौके पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को मूलभूत व कल्याकारी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के अतिरिक्त समाज के गरीब, वंचित, पिछड़े वर्गों के कल्याण व सामाजिक उत्थान के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने असंगठित क्षेत्र के सभी कामगारों से अपना-अपना पंजीकरण शीघ्र करवाने की अपील की। इससे पहले जिला श्रम अधिकारी आरके शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं बारे जानकारी दी। इस मौके पर विभाग द्वारा ई-श्रम पोर्टल पर श्रमिकों का पंजीकरण भी किया गया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News