कुल्लू में वन माफिया के हौसले बुलंद, देवी-देवताओं के पेड़ों पर डाला डाका

Friday, Dec 07, 2018 - 09:53 PM (IST)

कुल्लू: देवभूमि कुल्लू के जंगलों में देवी-देवताओं के पेड़ों पर वन माफिया डाका डाल रहा है। देवदार व अन्य पेड़ों की लकड़ी से देवी-देवताओं के मंदिर व देव रथ का निर्माण होता है, लेकिन वन माफिया रात के अंधेरे में देवदार व अन्य बेशकीमती लकड़ी को ठिकाने लगा रहा है। लिहाजा जिला के जंगलों से इन पेड़ों का नामोनिशान मिटता जा रहा है। इससे देव समाज के लोग आहत हैं। वहीं जिला की ऊंची पहाडिय़ों पर पैदा होने वाले गूगल और बेठर धूप की अवैध तरीके से तस्करी हो रही है। तस्कर जड़ी-बूटियों को जड़ से मिटा रहे हैं, जिससे पहाड़ों पर जड़ी-बूटियां लुप्त होने की कगार पर पहुंच गईं हैं।

जंगलों में धड़ल्ले से हो रहा देवदार के पेड़ों का कटान

वन माफिया के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि सख्ती के बावजूद भी जिला के जंगलों में देवदार के पेड़ों का धड़ल्ले से अवैध कटान कर रहा है। हाल ही में वन माफिया ने जिला के जंगलों में रातोंरात 2 देवदार के पेड़ों का कटान किया। वन विभाग को भनक लगते ही वन अधिकारियों ने कटे पेड़ों की डैमेज रिपोर्ट तो काट दी, लेकिन वन माफिया को तलाशने में नाकाम रहे। देव समाज के लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि लुप्त हो रही जड़ी-बूटियों और देवदार व अन्य पेड़ों का संरक्षण करें ताकि भविष्य में आने वाली पीढ़ी को इसका खमियाजा न भुगतना पड़े।

वन माफिया पर वन विभाग की पैनी नजर

वन अरण्यपाल कुल्लू अनिल शर्मा ने बताया कि जिला के जंगलों में पौधारोपण के दौरान वन विभाग 80 प्रतिशत देवदार के पौधों को रोपित करता है। पौधारोपण के  दौरान अंगू और अन्य पेड़ों को भी लगाया जा रहा है। पेड़-पौधों के संरक्षण के लिए आम जनता का सहयोग जरूरी है। वनों को बचाने के लिए लोगों को वन विभाग का सहयोग करना चाहिए। वन माफिया पर वन विभाग पैनी नजर रखे हुए है। इसके लिए फील्ड स्टाफ को कड़े निर्देश दिए गए हैं।

देवी-देवताओं के पेड़ लुप्त होने से देव समाज चिंतित    

जिला देवी-देवता कारदार संघ कुल्लू के अध्यक्ष जय चंद ने कहा कि जिला देवी-देवता कारदार संघ ने लुप्त हो रहे चीनू, देवदार, अंगू, देवीदयार आदि पेड़ों और जड़ी-बूटियों के रोपण के लिए वन विभाग से मांग की है। इसके लिए जल्द ही प्रस्ताव पारित कर वन मंत्री को सौंपा जाएगा। देवी-देवताओं के पेड़ लुप्त होने से देव समाज चिंतित है।

Vijay