Forest Mafia ने खैर के 7 पेड़ों पर चलाई कुल्हाड़ी, वन विभाग ने दर्ज करवाई FIR

Sunday, May 05, 2019 - 05:38 PM (IST)

डाडासीबा (सुनील): डाडासीबा से महज 2-3 किलोमीटर की दूरी पर वन काटुओं द्वारा खैर के 7 पेड़ों को काटने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शतलैईं बाग के समीप और खड्ड से 200 मीटर ऊपर जंगल में वन काटुओं ने खैर के 7 बड़े पेड़ों का कटान किया तथा पेड़ों के मौछे डालकर फुर्र हो गए। इस वारदात की किसी को भी भनक नहीं लगी। जानकारी मिलने पर वन विभाग के कर्मियों ने जब जंगल का दौरा किया तो पाया कि 7 बड़े खैर के पेड़ों का कटान किया गया है।

आम के पेड़ों का भी बड़े पैमाने पर हो रहा कटान

इसके पश्चात रेंज ऑफिसर पवन कुमार तथा बी.ओ. विनोद शर्मा ने इस संदर्भ में डाडासीबा पुलिस चौकी में अज्ञात लोगों के खिलाफ  एफ .आई.आर. दर्ज करवाई है। पुलिस की नजर उन लोगों पर रहेगी, जिनके पास पैट्रोल से चलने वाले छोटे आरे हैं। क्षेत्र के अंदर खैर के पेड़ों का ही नहीं बल्कि आम के पेड़ों का भी बड़े पैमाने पर कटान हो रहा है। देहरा के डी.एस.पी. एल.एम. शर्मा ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ  मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

Vijay