चम्बा में वनरक्षक भर्ती शुरू, 14 पदों के लिए 11800 युवाओं ने किया आवेदन

Tuesday, Sep 21, 2021 - 05:35 PM (IST)

डल्हौजी (शमशेर): चम्बा वन विभाग में मंगलवार से वनरक्षक की भर्ती शुरू हो गई है। बता दें कि वनरक्षक के कुल 14 पदों के लिए जिले की विभिन्न जगहों से आए युवा पुलिस मैदान बारगाह में पहुंचे हुए हैं। वनरक्षक के 14 पदों के 11,800 युवाओं ने आवेदन किया है। बारगाह मैदान में भर्ती को लेकर वन विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बताते चलें कि 21 सितम्बर से लेकर 8 अक्तूबर तक वन रक्षक भर्ती प्रक्रिया चलेगी और हर दिन 800 युवा मैदान में भर्ती होने के लिए दौड़ लगाएंगे। यह भर्ती प्रक्रिया सुबह 8 बजे शुरू होगी। जब तक 800 अभ्यर्थियों का शारीरिक टैस्ट पूरा नहीं हो जाता तब तक भर्ती प्रक्रिया चलती रहेगी।

इस बारे जानकारी देते हुए वन मंडल अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता से पूरा करने के लिए विभाग की ओर से ग्राऊंड में 7 कैमरों की व्यवस्था की गई है। इनमें 5 वीडियो और 2 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके जरिए ग्राऊंड में भर्ती के दौरान होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि भर्ती को लेकर विभाग ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और इस भर्ती को लेकर 80 कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगे। कैमरों के जरिये भर्ती के दौरान होने वाली हर गतिविधि का रिकॉर्ड रखा जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को भर्ती में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay