हिमाचल में अवैध खनन पर वन विभाग का बड़ा एक्शन, हाईवे पर सामग्री फैंक भागा खनन माफिया
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 02:41 PM (IST)
नाहन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में वन विभाग ने खनन माफिया के खिलाफ कड़ा प्रहार किया है। कालाअंब-पांवटा साहिब नैशनल हाईवे-07 पर वन मंडल नाहन के तहत आने वाली 2 रेंजों की टीमों ने संयुक्त रूप से अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। विभाग की इस अचानक हुई छापेमारी से खनन माफिया में हड़कंप मच गया।
डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय के सख्त निर्देशों पर नाहन और कोलर रेंज की टीमें मंगलवार-बुधवार रात करीब 1 बजे ही सड़कों पर उतर आईं। वन मंडलाधिकारी अवनी भूषण राय खुद भी इस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। सुबह 7 बजे तक चले इस अभियान के तहत टीमों ने एक साथ अलग-अलग इलाकों कटासन, दोसड़का, सैनवाला और कालाअंब क्षेत्रों में नाकेबंदी की।

वन विभाग की यह कार्रवाई इतनी गुप्त और अचानक थी कि अवैध खनन सामग्री ले जा रहे वाहन चालकों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। कार्रवाई की भनक लगते ही माफिया में अफरा-तफरी मच गई। खुद को घिरता देख कई टिप्पर और डंपर चालक अवैध रूप से ले जा रहे रेत, बजरी और पत्थरों को नैशनल हाईवे पर ही फैंककर वाहनों समेत मौके से फरार हो गए। सैनवाला, आमवाला और मोगीनंद क्षेत्रों में हाईवे के किनारे कई जगह इन खनन सामग्रियों के ढेर पड़े मिले। वन विभाग ने इस मामले की सूचना तुरंत संबंधित पुलिस थानों को भी दे दी है। इस सघन चैकिंग अभियान के दौरान वन विभाग की टीमों ने लगभग 100 वाहनों की चैकिंग की, जिसमें से 8 वाहनों को अवैध खनन के चलते कब्जे में लिया है, जबकि एक वाहन को मौके पर कंपाऊंड किया गया है।

वन मंडलाधिकारी नाहन अवनी भूषण राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है और विभाग अन्य विभागीय व कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटा है। उन्होंने बताया कि 8 से अधिक वाहनों काे पकड़ा गया है। इसके अलावा जो वाहन नाका तोड़कर या माल फैंककर मौके से भागने में सफल रहे हैं, उनकी कड़ी पड़ताल की जा रही है और जल्द ही उन पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

