Sirmaur: वन काटुओं ने काटे देवदार के 21 पेड़, केस दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2025 - 11:07 PM (IST)

राजगढ़ (गोपाल): वन मंडल राजगढ़ के तहत पड़ने वाले वन परिक्षेत्र हाब्बन के पालू बीट में वन काटुओं ने संरक्षित वन डालमू के सेरटी नाला के सरकारी जंगल में देवदार के लगभग 21 हरे पेड़ों पर आरी चला दी। इस बारे में हाब्बन वन परिक्षेत्र के वन अधिकारियों ने राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि डालमू के सेरटी नाला नामक स्थान पर सुनील, नरेन्द्र, शमशेर व सुशील निवासी सेरटी हाब्बन ने अवैध रूप से संरक्षित वन क्षेत्र में देवदार के 21 पेड़ काट डाले। वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को जैसे ही इसकी सूचना मिली, उन्होंने सबसे पहले काटे गए पेड़ की लकड़ियों को कब्जे में लिया।

वन विभाग ने मौके पर अगल-अलग साइज के स्लीपर, गोले, कड़ियां कुल 307 नग बरामद कर लिए हैं। काटे गए पेड़ों की कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई जा रही है। डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी के अनुसार वन विभाग की शिकायत पर राजगढ़ थाने में केस दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News