7 हजार फुट ऊंचाई वाले वन क्षेत्रों में सोलर प्लांटस लगाएगा वन निगम

punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2020 - 06:13 PM (IST)

धर्मशाला (तनुज): राज्य वन निगम हिमाचल में खाली पड़ी वन भूमि पर सोलर प्लांटस स्थापित करेगा। इस परियोजना में निगम द्वारा हिम ऊर्जा का सहयोग लिया जाएगा। इसमें प्रदेश में 5 से 7 हजार फुट ऊंचे क्षेत्रों को चयनित किया जाएगा जहां पर पेड़ों की अधिक संख्या नहीं होगी और विद्युत बोर्ड के ग्रिड के नजदीक हों। इन सोलर प्लांटस की बिजली को प्रदेश विद्युत बोर्ड को बेच कर निगम द्वारा आय अर्जित की जाएगी। इस सबंध में प्रदेश के सभी डीएफओ को ऐसे क्षेत्रों का निर्धारण करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सोमवार को वन मंत्री राकेश पठानिया ने पहली बार धर्मशाला में राज्य वन निगम के निदेशक मंडल की 208वीं बैठक में भाग लेने के उपरांत पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि इसके लिए 2 सब कमेटियों का भी गठन किया गया। इसमें एक कमेटी वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी के नेतृत्व में 5 सदस्यीय, जबकि वन मंत्री की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि बीओडी की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि निगम के नाचन और नूरपुर में 2 अत्याधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित किए जाएंगे।

लकड़ी से जुड़े उत्पादों को एड आन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन निगम की आय को बढ़ाने के लिये नये उत्पादों पर भी जोर दिया जायेगा। निगम द्वारा फ्लोर टाईल्स, वाल पैनलिंग के बाय प्रोडक्ट्स तैयार किये जायेंगे। निगम के उत्पादों की मार्केटिंग के लिए वन निगम के उपाध्यक्ष वाली कमेटी को 1 मार्कटिंग टीम हायर करने की भी शक्तियां दी गई है। इसके साथ ही हिमाचल सहित बाहरी राज्यों में भी निगम के शोरूम खोले जाएंगे और निगम के उत्पादों को प्रचार व प्रसार किया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान वन मंत्री ने कहा कि बीओडी ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए निगम के 281 ऐसे कर्मियों जो कि 20 हजार रुपये से कम वेतन वाले हैं, उन्हें दिवाली पर बोनस देने के लिए 20 लाख रुपये की मंजूरी दी है। निगम में आउटसोर्स पर 35 कर्मियों की भतीज़् भी की जाएगी। इसमें चालक और अकाउंटेंट शामिल होंगे, इनमें सेवानिवृत्त कर्मी भी शामिल होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Jinesh Kumar

Recommended News

Related News