दिल्ली में पुलिस के हत्थे चढ़ा विदेशी तस्कर, 36 ग्राम हैरोइन बरामद

Saturday, Feb 01, 2020 - 10:04 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को 36 ग्राम हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इस विदेशी तस्कर का नाम कई मादक द्रव्य अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में दबोचे गए तस्करों ने उगला था। पुलिस को इसकी लंबे समय से तलाश थी। अब पुलिस ने इसे दबोच कर इसके कब्जे से 36 ग्राम हैरोइन भी बरामद की है। उक्त तस्कर हिमाचल प्रदेश के कई नशा तस्करों को हैरोइन की सप्लाई करता था। इसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को पुलिस की एक टीम ने अफ्रीकन विदेशी नागरिक यूसी चायनजो (21) को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 36 ग्राम हैरोइन की भी बरामदगी हुई। इस तस्कर के खिलाफ पतलीकूहल थाना में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 21 के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है। उक्त व्यक्ति कई वर्षों से दिल्ली में रहकर हिमाचल के युवाओं को हैरोइन बेच रहा था।

उक्त आरोपी के पास कोई भी पासपोर्ट और वीजा नहीं था। मादक द्रव्य अधिनियम के साथ-साथ इसके खिलाफ फोरनर एक्ट की धारा 14 के तहत भी कार्रवाई की गई है।
एसपी.गौरव सिंह ने तस्कर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि तस्कर को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि तस्कर से कड़ी पूछताछ की जाएगी और उसके तथा उसके साथियों द्वारा फैलाए गए पूरे नैटवर्क का पता लगाया जाएगा। बता दें कि कुल्लू पुलिस द्वारा 2 महीनों के अंदर अभी तक 5 नाइजीरियन, 2 अफ्रीकन और एक रशियन को मादक द्रव्य अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

Vijay