मनाली में घूमने आई विदेशी महिला को मिली मौत

Sunday, Sep 29, 2019 - 01:13 PM (IST)

मनाली (सोनू): पर्यटन नगरी मनाली में घूमने आई विदेशी महिला सैलानी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शनिवार को विदेशी महिला सैलानी को मिशन अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एक माह पहले जापान के टोक्यो की महिला मिसाबा सकुर्जावा अपने पति जेनोसुके सकुर्जावा के साथ मनाली घूमने आई थी। यहां पर विदेशी दंपति वशिष्ठ में एक होम स्टे में ठहरा हुए थे।

शनिवार सुबह उक्त विदेशी सैलानी की तबीयत कुछ खराब हुई, जिस पर पति द्वारा उसे मनाली के मिशन अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया, लेकिन महिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थी। मनाली पुलिस का कहना है कि शुरूआती जांच में यह पता चला है कि महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एस.पी. कुल्लू गौरव सिंह का कहना है कि मनाली में विदेशी महिला सैलानी की हार्ट अटैक से मौत होने का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि महिला के शव पर किसी भी तरह के कोई चोट के निशान पुलिस को नहीं मिले हैं।

kirti