सात समंदर पार से आए विदेशी मेहमान, देखिए दिलकश नजारे

Thursday, Jan 04, 2018 - 03:13 PM (IST)

ऊना (अमित): हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में स्थित स्वां नदी में सैकड़ों विदेशी परिंदे हजारों मील की दूरी तय कर पहुंचे हैं। इससे पहले यहां कुछ ही प्रवासी पक्षी आते थे लेकिन इस दफा सैकड़ों की तादाद में परिंदों ने यहा पर डेरा डाला है। स्थानीय लोगों तथा पक्षी प्रेमियों ने सरकार तथा प्रशासन से इनके संरक्षण की गुहार लगाईं है। वहीं वन विभाग विदेशी पक्षियों बारे लोगों को जागरूक करने के दावे कर रहा है। 


पिछले कई दिनों से यहां पक्षियों का आगमन चला हुआ है। पहली बार प्रवासी पक्षियों की लगभग 10-12 प्रजातिया यहां देखने को मिली है। इससे पहले यहां मनपसंद स्थल पांग झील तथा गोबिंद सागर झील हुआ करता थी लेकिन इस दफा प्रवासी पक्षियों ने शान्तमय स्वां नदी को भी अपने लिए बेहतर स्थल चुना है। यहां इस समय बत्तखों और जलकाग की कई किस्मों जैसे रूड़ी शेलडक, बार हेडेड बत्तख, मलार्डस प्रमुख तौर पर देखी जा सकती है। 


इसके इलावा यहां पर पक्षियों की भी कुछ दुर्लभ प्रजातिया देखने को मिलती है। जिनमें रेड नेकेड ग्रेव और गुल्लुज शामिल है। यहां पहली दफा इतनी तादाद तथा कई किस्म के पक्षियों के आने से स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह है। इनकी मानें तो यह एक खुशी की बात है कि प्रवासी पक्षियों को ऊना की स्वां नदी पसंद आई है। उन्होंने प्रशासन तथा सरकार से इन प्रवासी पक्षियों के सरंक्षण तथा देखरेख की मांग की है।