खाद्य आपूर्ति मंत्री बोले-धर्मगुरू दलाईलामा के उपदेश विश्व शांति में सहायक

Friday, Jul 06, 2018 - 07:46 PM (IST)

धर्मशाला: खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा के 83वें जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को मैकलोडगंज स्थित बौद्ध मंदिर में आयोजित विशेष समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके उन्होंने धर्मगुरु दलाईलामा के स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उपस्थित अनेक गणमान्य लोगों के साथ मिलकर केक काटा।  किशन कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि दलाईलामा के उपदेशों के अनुसरण से विश्व में शांति व अहिंसा के वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि दलाईलामा ने विपरीत परिस्थितियों में भी हमेशा अहिंसा की नीति को आगे बढ़ाते हुए अपने मानवतावादी प्रयासों को जारी रखा है। इस अवसर पर टिप्पा और टी.सी.वी. सहित अन्य स्कूलों के बच्चों ने तिब्बती नृत्य की प्रस्तुतियों से समां बांधा।


ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
इस मौके पर निर्वासित तिब्बत सरकार की कार्यकारी प्रेजीडैंट पेमा यांगछेन, निर्वासित तिब्बत संसद के अध्यक्ष गेशी खेंबो, उपाध्यक्ष यशी फुनशोक, भाजपा नेता विजय जोली, भाजपा के धर्मशाला मंडल के अध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, भाजपा जिला जनजातीय मोर्चे के अध्यक्ष रमेश जरयाल, एस.डी.एम. धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा सहित अन्य अधिकारी, निर्वासित तिब्बत सरकार के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग व देश विदेश से आए श्रद्धालु उपस्थित थे।

Vijay