राशन की कालाबाजारी पर खाद्य आपूर्ति मंत्री ने दिया बड़ा बयान, जानिए क्या

Thursday, Jan 25, 2018 - 10:22 PM (IST)

ऊना: प्रदेश सरकार के खाद्य आपूर्ति व उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर का वीरवार सायं जिला मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि अगर उपभोक्ताओं को मिलने वाले राशन को ब्लैक में बेचने का प्रयास किया गया तो ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। कालाबाजारी करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों को भी फील्ड में रहकर उपभोक्ताओं की सुविधाओं का ध्यान रखने के आदेश दिए गए हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग को पारदर्शी बनाया जाएगा। 

जनता को समय पर उपलब्ध होगा राशन
उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि जनता को समय पर राशन उपलब्ध हो और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। उचित मूल्य की दुकानों पर उपभोक्ताओं को और भी वस्तुओं को उपलब्ध करवाने पर मंथन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा पर जनता ने जो विश्वास जताकर पूर्ण बहुमत प्रदान किया है, उस पर सरकार खरा उतरेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के साथ-साथ जनता के सहयोग से सत्ता में आई है। सरकार की प्राथमिकता लोगों को भ्रष्टाचार से मुक्त शासन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में जनहितैषी निर्णय लिए जा रहे हैं। 

ये रहे मौके पर मौजूद
इस मौके पर प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश भाजपा सदस्य हरिओम भनोट, अमृत लाल भारद्वाज, राजकुमार पठानिया, बलविन्द्र कुमार गोल्डी, मदन पुरी, खामोश जैतक, प्रवीण बॉबी, विजय साहनी, गगन ओहरी, विनोद पुरी, अमित कुमार, डी.सी. विकास लाबरू, एस.पी. दिवाकर शर्मा, ए.डी.सी. कृतिका, एस.डी.एम. पृथीपाल सिंह, डी.एफ.एस.सी. लक्ष्मण सिंह, ऊना जनहित मोर्चा के अध्यक्ष व अन्य भी मौजूद थे।