कोहरे का कहर : ऊना रेलवे स्टेशन पर देरी से पहुंचीं वंदे भारत समेत 6 ट्रेनें

punjabkesari.in Tuesday, Jan 10, 2023 - 04:15 PM (IST)

ऊना (अमित): रेल यातायात की सबसे बड़ी दुश्मन धुंध ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। जिला ऊना में लगातार चौथे दिन भी कोहरे और धुंध का ट्रेनों की आवाजाही पर प्रतिकूल असर दिखाई दिया। रेलवे स्टेशन ऊना पर पहुंचने वाली जनशताब्दी, साबरमती एक्सप्रैस व वंदे भारत समेत 6 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट पहुंचीं। इसकी वजह से न केवल यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए समय अधिक खर्च करना पड़ा बल्कि ठंड की वजह से उनको घंटों ट्रेन में ठंडी हवाओं के थपेड़े भी सहन करने पड़े।

दिन के साथ-साथ रात को भी ऊना स्टेशन पर ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं। रात को आने वाली जनशताब्दी ट्रेन भी अपने तय समय से लेट हुई। सोमवार को जनशताब्दी का ऊना स्टेशन पर पहुंचने का समय रात 9 बजकर 20 मिनट है जोकि सवा एक घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। वहीं मंगलवार को भी 5 ट्रेनों पर कोहरे का असर साफ दिखा। हिमाचल एक्सप्रैस अपने तय समय से 51 मिनट की देरी से 7 बजकर 26 मिनट पर ऊना स्टेशन पहुंची। साबरमती एक्सप्रैस 54 मिनट की देरी के साथ 11 बजकर 49 पर स्टेशन पहुंची। वहीं आधुनिक ट्रेन वंदे भारत भी 17 मिनट की देरी से ऊना स्टेशन पहुंची।

अंबाला से ऊना आने वाली पैसेंजर स्पैशल एक्सप्रैस भी करीब 32 मिनट की देरी के साथ पहुंची। इसके अलावा सहारनपुर से ऊना को आने वाली पैसेंजर एक्सप्रैस भी अपने निर्धारित समय से देरी से चली, जिसके चलते ठंड में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की मानें तो एक-दो दिन में होने वाली बारिश के बाद ठंड जरूर बढ़ेगी लेकिन धुंध और कोहरे से राहत मिलने की संभावना है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News