गाय की पीठ पर बैठे तेंदुए को देख उड़े मालिक के होश

Wednesday, Jul 04, 2018 - 10:28 PM (IST)

भोरंज: ग्राम पंचायत भोरंज के गांव बलोड के एक व्यक्ति के उस समय होश उड़ गए जब उसने गऊशाला की लाइट जलाई तो सामने देखा कि उसकी गाय की पीठ पर तेंदुआ सवार था, जो शोर मचाते पलक झपकते ही भाग गया लेकिन उसकी गाय को घायल कर गया। गाय के मालिक मास्टर लेख राम ने बताया कि 4 दिन पूर्व रात्रि के समय उसकी गाय गऊशाला के बाहर बरामदे में बंधी थी। इस दौरान अचानक गऊशाला से पशुओं के रंभाने की आवाजें आने लगीं। जब उसने बाहर निकलकर गऊशाला की लाइट जलाई तो देखा कि गाय की पीठ पर तेंदुआ सवार था। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया लेकिन वह गाय को घायल कर गया।


आंगन में बैठे कुत्ते पर किया हमला
वहीं दूसरा मामला इसी गांव में दिन-दिहाड़े पेश आया है। जब त्रिशला देवी का कुत्ता उनके आंगन में बैठा था तो घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान कुत्ता अपना बचाव करते हुए दूसरी मंजिल पर मालकिन के पास पहुंच गया। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरे लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि तेंदुए के बार-बार हो रहे हमले से 3 गांवों में दहशत का वातावरण है।


पिंजरा लगाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेता है विभाग
उन्होंने आरोप लगाया है कि विभाग पिंजरा लगाने की बात कहकर हर बार अपना पल्ला झाड़ लेता है। इस संदर्भ में आर.ओ. अग्घार मंशा राम शर्मा का कहना है कि उन्हें उक्त घटना की कोई जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो कर्मचारी भेज कर जांच की जाएगी और आवश्यकता के अनुसार क्षेत्र में पिंजरे लगा दिए जाएंगे। उन्होंने लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।

Vijay