Himachal: कुल्लू और मंडी में बाढ़ ने मचाई तबाही, कई वाहन मलबे में दबे, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन ठप्प

punjabkesari.in Sunday, Aug 17, 2025 - 11:30 AM (IST)

कुल्लू/मंडी: हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। रविवार सुबह कुल्लू जिले के पाहनाला में आई बाढ़ ने स्थानीय लोगों की जिंदगी को हिलाकर रख दिया। वहीं मंडी जिला में भी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। मंडी जिला के नगवाई से औट तक के क्षेत्र तबाही की चपेट में आ गए। तेज बहाव के साथ मलबा और पानी टकोली सब्जी मंडी और टकोली फोरलेन तक पहुंच गया, जिसने सड़कों को मलबे से पट दिया। मंडी की मुख्य सब्जी मंडी टकोली में भी मलबा घुस जाने से कारोबार ठप्प हो गया। बाढ़ के चलते कुछ घरों में तो मलबा अंदर तक भर गया है। इस घटना ने न केवल लोगों के घरों को नुक्सान पहुंचाया, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को भी ठप्प कर दिया। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन जो हिमाचल प्रदेश का एक प्रमुख मार्ग है मंडी और कुल्लू में कई जगहों पर बंद हो गया। मलबे और भूस्खलन ने सड़कों को अवरुद्ध कर दिया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
PunjabKesari

एफकॉन कंपनी के ऑफिस और कॉलोनी को नुक्सान
औट तहसील के तहत आने वाले सारानाला में आई बाढ़ ने एफकॉन कंपनी के ऑफिस और कॉलोनी की दीवारों को भी तोड़ दिया। कर्मचारियों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन कंपनी की संपत्ति को भारी नुक्सान हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार बाढ़ का पानी इतनी तेजी से आया कि बचाव का समय ही नहीं मिला। पास के घरों में रहने वाले परिवारों को भी अपने सामान और घरों को खोने का दुख सहना पड़ा।

PunjabKesari

टकोली, पनारसा और नगवाईं में गाड़ियों को नुक्सान
टकोली, पनारसा और नगवाईं जैसे इलाकों में बाढ़ और मलबे ने 10 से ज्यादा गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। कई वाहन मलबे में दब गए, तो कुछ पानी के तेज बहाव में बह गए। इन इलाकों में सड़कें पूरी तरह बंद हो गईं, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। मंडी के एएसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के मंडी-कुल्लू खंड पर स्थित पनारसा, टकोली और नागवाईं क्षेत्रों में आज अचानक बाढ़ आने की कई घटनाएं सामने आईं। राजमार्ग पर कई स्थानों पर संपर्क बाधित हुआ है। इन घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

मौसम विभाग का यैलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को चम्बा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए यैलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। स्थानीय प्रशासन भी हाई अलर्ट पर है और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।

अब तक 261 लोगों की माैत, 2144 करोड़ रुपए से अधिक का नुक्सान
इस मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 261 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा 36 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में सर्च ऑप्रेशन जारी है। सरकारी और निजी संपत्ति को 2144 करोड़ रुपए से अधिक का नुक्सान हो चुका है, जिसमें सड़कें, पुल, घर, दुकानें और पशुशालाएं शामिल हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News