'मिनी पंजाब' में तबाही के बाद का मंजर, सैलाब में सब कुछ हुआ तहस-नहस (Video)

Friday, Aug 17, 2018 - 03:42 PM (IST)

मंडी (नीरज): पिछले कल हिमाचल सहित मंडी जिला भी भारी बारिश के अत्याधिक नुकसान हुआ। यूं तो पूरे जिला भर में नुकसान हुआ लेकिन मिनी पंजाब कही जाने वाली बल्हघाटी में बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई। पूरी बल्हघाटी जलमग्न हो गई थी और चारों ओर सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा था। आज जब बाढ़ के रूप में आया पानी हटा तो लोगों को अपने घरों, दुकानों और व्यसवायिक केंद्रों में जाने का मौका मिला। जाकर देखा तो सबकुछ तहस नहस हो चुका था। घरों, दुकानों और व्यवसायिक केंद्रों पर रखा अधिकतर सामान बाढ़ के साथ बह चुका था।


बचा-कुचा सामान इस हालत में है जिसे शायद ही इस्तेमाल किया जा सके। जब हमने बाढ़ के कारण बल्ह के प्रभावितों से बात की तो अधिकतर ने इस आपदा के लिए फोरलेन निर्माण को दोषी माना। प्रभावितों का कहना है कि बल्ह में जो फोरलेन निर्माण हुआ है और हो रहा है वो वैज्ञानिक ढंग से नहीं किया जा रहा। प्रभावितों का कहना है कि बल्ह जैसे मैदानी इलाके में फोरलेन फ्लाईओवर से बनना चाहिए लेकिन यहां पर इसे इस प्रकार से बनाया गया है कि पानी की निकासी के लिए कोई स्थान ही नहीं छोड़ा गया है।


चंडयाल पंचायत के उपप्रधान रवि सिंह चंदेल ने बताया कि बल्हघाटी में लोगों को करोड़ों का नुकसान हुआ है और इसकी भरपाई फोरलेन निर्माण में लगी कंपनियों को करनी चाहिए क्योंकि इसी कारण यहां ऐसे हालात बने हैं। रूद्रा मैरिज पैलेस के मालिक जितेंद्र सिंह और दीपक पठानिया ने बताया कि उनके मैरिज पैलेस में जो पानी घुसा वो फोरलेन के लिए गलत ढंग से बनाई गई सड़क के कारण ही घुसा है। उन्होंने बताया कि इलाके में फसलें तबाह हो चुकी हैं और लोगों का भारी नुकसान हुआ है। इन्होंने सरकार व प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

Ekta