यहां बाढ़ के कारण 7 घंटे फंसे रहे वन मंत्री, सूचना मिलने पर भी किसी ने नहीं ली सुध

Tuesday, Jul 11, 2017 - 10:58 AM (IST)

उदयपुर: बॉर्डर एरिया में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी 7 घंटे बाढ़ के कारण बीच रास्ते में फंसे रहे। लाहौल के निर्जन स्थान दरेड़ में रविवार की रात उन्हें बाढ़ के साए में बितानी पड़ी। इसी बीच बाढ़ के साथ चले दलदल का कहर भी देखा गया। मंत्री बाढ़ के पास सुरक्षित स्थान में रुके रहे लेकिन इसी बीच मटर से भरा एक ट्रक दलदल में दब गया। बाढ़ में 7 घंटे का समय बीत जाने के बाद भी बी.आर.ओ. की मशीनरी घटनास्थल पर नहीं पहुंची। उनके बाढ़ में फंसे होने की सूचना देर रात उदयपुर प्रशासन को मिली। एस.डी.एम. सुनील वर्मा मध्य रात्रि प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हुए। उन्होंने पी.डब्ल्यू.डी. की मशीनरी से सड़क मार्ग बहाल करवाया। रात 2 बजे के बाद वन मंत्री को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकाला गया। इस बीच बी.आर.ओ. घटनास्थल से पूरी तरह नदारद रहा। बताया गया है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद बी.आर.ओ. ने बाढ़ में फंसे मंत्री की सुध नहीं ली। वह भरमौरी जनजातीय क्षेत्र पांगी और मिंधल में कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद रविवार को उदयपुर की ओर आ रहे थे। 


सांसद रामस्वरूप को लिया आड़े हाथों
तांदी-संसारी सीमा सड़क मार्ग पर बी.आर.ओ. की ओर से कोई मदद न मिलने पर उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इस सीमा क्षेत्र में सड़कों व पुलों को व्यवस्थित रखना केंद्र सरकार का उत्तरदायित्व है लेकिन यहां के सांसद ने इस सीमा क्षेत्र की आज तक सुध नहीं ली है। इस बारे सूचना दी गई थी मगर 10 किलोमीटर दूर उदयपुर से बी.आर.ओ. की मशीनरी 7 घंटे बाद भी दरेड़ के घटनास्थल पर नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग को दुरुस्त करने में बी.आर.ओ. नाकाम साबित हुआ है। इन नालों पर पुल नहीं हैं। कई जगह पुराने समय में जो पुल बने थे वे उचित रखरखाव न होने से भी गिर रहे हैं।