चम्बा के पांच कवियों ने अयोध्या में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में किया काव्य पाठ

punjabkesari.in Saturday, Apr 09, 2022 - 04:27 PM (IST)

चम्बा (काकू): जिला चम्बा के पांच कवियों ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आयोजित राष्ट्रीय 75 घण्टे के विराट अखण्ड कवि सम्मेलन में अपना काव्य पाठ किया। राम गमन-पथ काव्ययात्रा के समापन अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में यह कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। उपस्थित सभी कवियों ने चम्बा जिला के पांचों कवियों प्रभात सिंह राणा, विक्रम कौशल प्रयास, उत्तम सूर्यवंशी, रीनू टंडन व युद्धवीर टण्डन की रचनाओं की भूरी भूरी प्रशंसा की एवं खूब सराहया। पूरे भारतवर्ष से आए हुए पांच सौ कवियों ने इस कवि सम्मेलन के दौरान अपना काव्य पाठ करते हुए श्रीराम के शील, त्याग, सौंदर्य एवं जीवन एवं राष्ट्र प्रेम की कविताएं प्रस्तुत की। इस कवि सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश के चम्बा, हमीरपुर, कांगड़ा एवं शिमला सहित कुल ग्यारह कवियों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान शिमला से बाल कवि आरव शर्मा एवं राष्ट्रीय कवि संगम के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. संदीप शर्मा सहित, कांगड़ा से अनीता भारद्वाज, सुरेश लता अवस्थी, गीतांजली एवं शिवा पंचकर्ण ने भी काव्य पाठ किया। राष्ट्रीय कवि संगम के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि यह यात्रा श्रीलंका से 42 दिन पूर्व शुरू हुई थी जो देश भर के 542 स्थानों से होकर गुजरती हुई अयोध्या पहुंची साथ ही राम नवमी को इस यात्रा का भव्य समापन अयोध्या में किया गया। प्रांत मीडिया प्रभारी राष्ट्रीय कवि संगम युद्धवीर टण्डन ने बताया कि इस सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल, महामंत्री अशोक बत्रा, राष्ट्रीय संरक्षक देश के ओज के बड़े कवि हरि ओम पंवार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News