101 वर्ष के हुए देश के पहले मतदाता, ऐसे मनाया Birthday

Friday, Jun 30, 2017 - 09:16 PM (IST)

रिकांगपिओ: देश के पहले मतदाता मास्टर श्याम सरण नेगी ने शुक्रवार को अपने निवास स्थान कल्पा में पूरे बौद्ध रीति-रिवाज के अनुसार अपने जीवन का 101वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। जन्मदिवस के अवसर पर बौद्ध लामाओं द्वारा उनकी लंबी आयु के लिए दिनभर पूजा-पाठ किया गया। इस अवसर पर किन्नौर जिला प्रशासन की ओर से एस.डी.एम. कल्पा मेजर अवनिंद्र कुमार ने उनके निवास स्थान पर जाकर बधाई दी। किन्नौर के पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी ने भी कल्पा पहुंच कर उन्हें बधाई दी और उनकी लंबी आयु की कामना की। बता दें कि मास्टर श्याम सरण नेगी ने वर्ष 1951 में हुए आम चुनाव में चीनी पोलिंग बूथ पर प्रथम वोट देकर लोकतंत्र का आगाज किया था। उन्हें वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में चुनाव आयोग ने ब्रांड एम्बैसेडर भी नियुक्त किया था।



देश में कायम करना होगा शांति व अमन  
उन्होंने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए बताया कि भारत वर्ष को फिर से विश्व गुरु और सोने की चिडिय़ा बनाना है तो देश में शांति व अमन कायम करना होगा। उन्होंने बताया कि देश को आगे ले जाने के लिए महात्मा गांधी, नेहरू और मोदी के दिखाए रास्ते पर ही चल कर देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। देश के नेताओं को मजबूत करने के लिए के लिए चुनाव के दौरान सभी देशवासियों को चुनाव पर्व में बढ़-चढ़कर वोट करना चाहिए और सही व ईमानदार नेता का चयन करने में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।