पहली बार 2 दिवसीय दौरे पर शिमला आएंगी हिमाचल कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी

Wednesday, Jun 06, 2018 - 09:45 AM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल 2 दिवसीय शिमला दौरे पर आ रही हैं। पाटिल 11 जून को शिमला पहुंचेंगी और उसी दिन पार्टी मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आम सभा को संबोधित करेंगी। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों व विभागों के प्रमुख, सचिव तथा ब्लाक ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे।


इसी कड़ी में वह 12 जून को कांग्रेस के वर्तमान विधायकों व विधानसभा चुनाव-2017 में कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों की बैठक को संबोधित करेंगी। दोपहर बाद वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी और शाम के समय कांग्रेस के पूर्व विधायकों के साथ बैठक करेंगी। अपने प्रवास के दौरान वह लोकसभा चुनावों को लेकर प्रदेश के नेताओं से चर्चा करेंगी। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने बताया कि हिमाचल कांग्रेस की नवनियुक्त प्रभारी पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, पूर्व विधायकों और पार्टी के पूर्व अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी रणनीति तैयार करेंगी। 


पहले पी.आर.ओ. अब प्रभारी के रूप में आएंगी
कांग्रेस हाईकमान ने कुछ सप्ताह पूर्व ही रजनी पाटिल को प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें सुशील कुमार शिंदे के स्थान पर प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। वह हिमाचल पहले भी आ चुकी हैं। वह वर्ष 2010 में संगठनात्मक चुनावों के दौरान बतौर पी.आर.ओ. शिमला आई थीं। 
 

Ekta