शिवरात्रि महोत्सव की पहली संध्या में लगा पहाड़ी, पंजाबी व हिंदी गानों का तड़का

Sunday, Feb 26, 2017 - 12:58 AM (IST)

बैजनाथ: राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या इंडियन आइडल 2015 तथा सारेगामा पा 2014 में टॉप 20 में रहे मास्टर रितिक, मशहूर पहाड़ी व बॉलीवुड कलाकार संजीव दीक्षित, लोगों की दिलों की धड़कन कुमार साहिल तथा पहाड़ी गायक विक्की चौहान के नाम रही, जिन्होंने एक से बढ़ कर एक पहाड़ी, पंजाबी तथा हिन्दी गानों की झड़ी लगा दी। पहाड़ी गायक विक्की चौहान द्वारा खुद कंपोज किए गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद कुमार साहिल तथा गायक संजीव दीक्षित ने अपनी सुरीली आवाज के दम पर दर्शकों को झूमाया। संजीव दीक्षित ने दर्शकों की मांग पर दस पढ़ी ओ मेरी कमलो गाने पर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इसके अतिरिक्त विभिन्न म्यूजिकल ग्रुपों की प्रस्तुतियों को लोगों ने खूब सराहा। 

सी.पी.एस. जगजीवन पाल थे मुख्यातिथि
पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि सी.पी.एस. जगजीवन पाल ने शिरकत की जबकि विधायक किशोरी लाल विशेषातिथि के रूप से उपस्थित रहे। विधायक किशोरी लाल तथा मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एस.डी.एम. सुनयना शर्मा ने सी.पी.एस. जगजीवन पाल को शॉल, टापी व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। 

ये होंगे दूसरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण 
दूसरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्यातिथि के.सी.सी. बैंक के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया होंगे। रविवार की शाम को मुख्य आकर्षण लोगों को लुभाने के लिए पहाड़ी गायक धीरज शर्मा, हाई जैकरज बैंड तथा सारेगामा फेम विशाख ज्योति को सुनने का नौजवान बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।