पहले काट खाया वरिष्ठ कर्मचारी का कान, फिर सिर पर बोतल मार किया लहूलुहान

Thursday, Apr 27, 2017 - 07:02 PM (IST)

पंडोह: बी.बी.एम.बी. कार्यालय पंडोह में 2 कर्मचारियों के आपसी झगड़े में वरिष्ठ कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे जोनल अस्पताल मंडी के लिए रैफर कर दिया गया। घायल जोगेंद्र पाल की हालत नाजुक है। सीटू इम्प्लाइज यूनियन की पंडोह शाखा के सचिव  ज्ञान चंद ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे जोगेंद्र पाल अपने कार्यालय पंडोह में बतौर इंचार्ज मनोहर लाल को शराब पीकर ड्यूटी पर न आने बारे समझा रहा था। वह नशे में धुत्त था। इस दौरान उसके हाथ में शराब की बोतल थी। 



दांतों से काट खाया कान
उसने अचानक हमला करते हुए अपने दांतों से जोगेंद्र का दायां कान काट खाया। यहीं नहीं, उसके सिर पर बोतल से भी वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इस दौरान अन्य कर्मचारियों ने उसे मनोहर लाल के चंगुल से बचाया तथा उपचार के लिए बी.बी.एम.बी. अस्पताल ले गए लेकिन वहां पर कोई डाक्टर न मिलने पर उसे मंडी अस्पताल ले जाया गया। ज्ञान चंद ने बताया कि मनोहर लाल पहले भी 3-4 बार जोगेंद्र पाल पर हमला कर चुका है। इस बारे में पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी हेमराज ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है।