राम लला के दर्शनों को हिमाचल का पहला जत्था अयोध्या रवाना, अनुराग ठाकुर ने ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

Monday, Feb 05, 2024 - 04:54 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत विभिन्न गांवों के सैंकड़ों श्री रामभक्तों का पहला जत्था रेलमार्ग से अयोध्या धाम में श्रीराम लला के दर्शनों के लिए रवाना हुआ। सोमवार सुबह अम्ब अन्दौरा रेलवे स्टेशन पर केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अम्ब अन्दौरा से अयोध्या कैंट के लिए चलाई गई आस्था स्पैशल ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना किया। इस मौके पर रेलवे स्टेशन पर वातावरण राममय हो गया। इस मौके पर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में डी.आर.एम. (अम्बाला डिवीजन) मंदीप सिंह भाटिया ने केन्द्रीय मंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल को सम्मानित किया। इस मौके पर जिला ऊना भाजपा अध्यक्ष बलवीर सिंह चौधरी, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सहप्रभारी सुमित शर्मा, जिला भाजपा महामंत्री शाम मिन्हास सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि रेलवे द्वारा चलाई गई उक्त ट्रेन 7 फरवरी को वापस आएगी।

श्रीराम मंदिर निर्माण भारत की विजय : अनुराग
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि श्रीराम मंदिर के निर्माण से लोगों की लगभग 500 वर्षों की प्रतीक्षा खत्म हुई है और पूरे देश का वातावरण राममयी हो गया है। देश में धार्मिक सौहार्द और प्रेम भाव का माहौल बना हुआ है। यह भारत की विजय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 11 दिन तक कठिन व्रत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की बदौलत ही राम भक्तों की इच्छा पूर्ण हो पाई है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हिमाचल वासियों के लिए सौभाग्य का दिन है।

श्रीराम मंदिर न केवल राम भक्तों की आस्था का केंद्र बल्कि राष्ट्र निर्माण का है मंदिर : बिंदल
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि अशोक सिंघल और लाल कृष्ण आडवाणी जैसे महान नायकों की तपस्या को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंजिल तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अराध्य प्रभु श्रीराम मंदिर न केवल करोड़ों राम भक्तों की आस्था का केंद्र हैं बल्कि यह राष्ट्र निर्माण का मंदिर है। उन्होंने कहा कि प्रयास किए जा रहे हैं कि हर सप्ताह 2 से 3 ट्रेनें हिमाचल से अयोध्या के लिए रवाना की जा सकें। 7 फरवरी को दूसरी ट्रेन ऊना से और 9 फरवरी को तीसरी ट्रेन पठानकोट से रवाना की जाएगी। उन्होंने बताया कि दूसरी ट्रेन में जिला कांगड़ा के राम भक्तों को और तीसरी ट्रेन में मंडी के राम भक्तों को अयोध्या के लिए रवाना किया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay