हिमाचल विधानसभा की पहली ऐप लॉन्च, मिलेगी अब हर जानकारी

Sunday, Jul 01, 2018 - 01:57 PM (IST)

सोलन : विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल विधानसभा देश की ऐसी पहली विधानसभा बन गई है, जिसमें विधायक अपने विस क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी कहीं पर भी अपने मोबाइल से प्राप्त कर सकेंगे। वह शनिवार को आई.टी.आई. सोलन में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शनिवार को इस एप की लांचिंग प्रदेश की 16 विधानसभा क्षेत्रों में की गई। इस ई-विधानसभा क्षेत्र प्रबंधन प्रणाली के आरंभ होने से विकासात्मक कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ेगी। हिमाचल विधानसभा देश की ऐसी पहली विधानसभा है जहां ई-विधान प्रणाली आरंभ की गई है।

विधानसभा में संपूर्ण कार्यों का डिजिटलीकरण किया गया है। विधानसभा में सभी विधायक ई-मेल के माध्यम से अपने प्रश्न भेजते हैं और सभी विभागों के उत्तर भी ऑनलाइन ही प्राप्त होते हैं। अब ई-विधानसभा क्षेत्र प्रबंधन प्रणाली लागू की है। प्रणाली के तहत विधायक एवं संबंधित विधानसभा क्षेत्र में सर्वप्रथम उपमंडल स्तर के विभागाध्यक्ष मोबाइल एप के माध्यम से नियमित संपर्क में रहेंगे। उन्होंने बताया कि सोलन जिला में सोलन, अर्की व कसौली विधानसभा क्षेत्रों को इस डिजिटल सिस्टम से जोड़ दिया गया है। आई.टी.आई. सोलन में शनिवार को एप की लांचिंग के साथ अधिकारियों को इसका प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण इसमें खंड स्तर के अधिकारियों को जोड़ा गया है। इसके बाद इसमें जिला स्तर व बाद में राज्य स्तर के अधिकारियों को जोड़ा जाएगा और इसे सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में लागू किया जाएगा। इसके साथ ही इसमें जनप्रतिनिधियों व जनता को भी क्रमबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने बताया कि एप चलाने के लिए अधिकारियों व विधायकों को पासवर्ड दे दिए गए हैं और इसे मोबाइल पर प्ले स्टोर से डाऊनलोड किया जा सकता है। अब विधायक एप के माध्यम से अधिकारियों से सीधा जुड़ गए हैं। इससे पहले विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्र में हो रहे कार्यों का स्टेटस जानने के लिए भी लंबे प्रोसैस से गुजरना पड़ता था। अब विधायक को अपने क्षेत्र की प्रगति, बजट आबंटन, योजना एवं कार्यों में हो रही देरी के विषय में जानकारी एप खोलते ही मिल सकेगी। अधिकारियों को भेजे गए संदेश का जवाब भी एप पर ही देख सकेंगे व इस पर क्या कार्य हुआ व कार्य कितने दिनों से पैंङ्क्षडग है यह भी जानकारी तुरंत मिलेगी। रुके हुए कार्यों का स्टेटस भी एप पर जाना जा सकेगा।

इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल व विधायक धनीराम शांडिल भी मौजूद थे। इससे पूर्व विस अध्यक्ष ने आई.टी.आई. सोलन में कसौली, सोलन तथा अर्की विधानसभा क्षेत्रों के उपमंडल स्तर के विभागाध्यक्षों तथा जिला स्तर के अधिकारियों के लिए ई-विधानसभा क्षेत्र प्रबंधन प्रणाली पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं कार्यशाला की अध्यक्षता की। निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी धर्मेश शर्मा ने ई-विधानसभा क्षेत्र प्रणाली पर प्रस्तुतिकरण दिया। इस मौके पर कार्यकारी उपायुक्त सोलन विवेक चंदेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन डा. शिव कुमार शर्मा, उपमंडलाधिकारी सोलन रोहित राठौर, उपमंडलाधिकारी अर्की छवि नांटा, सोलन जिला तथा तीनों विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य लोग उपस्थित थे। 

kirti