घर से बाहर बुलाकर युवक पर दागी गोलियां, 2 गिरफ्तार

Friday, Jun 29, 2018 - 07:12 PM (IST)

बिलासपुर: बरमाणा थाना के तहत टिकरी गांव में वीरवार रात 2 लोगों ने एक स्थानीय युवक के घर का गेट खुलवाकर उस पर गोलियां दाग दीं। घटना में रवि कुमार (32) पुत्र ख्याली राम निवासी गांव टिकरी बुरी तरह से घायल हो गया। गोली के छर्रे रवि के शरीर के विभिन्न हिस्सों में लगे लेकिन घटना में उसकी जान बच गई। बरमाणा पुलिस ने घायल रवि कुमार की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 व 34 तथा आम्र्स एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन में सामने आया है कि दोनों आरोपी व्यक्ति हथियारों से लैस थे। एक आरोपी के पास 12 बोर की राइफल व दूसरे के पास एयर गन थी। पुलिस ने आरोपी सुरेश कुमार एवं राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।


गेट खोला तो तान दी बंदूक
उधर, छर्रे लगने से घायल हुआ युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस के पास रिकार्ड बयानों में घायल रवि कुमार ने आरोप लगाया है कि वीरवार रात करीब साढ़े 12 बजे सुरेश कुमार पुत्र रमेश निवासी धार टटोह व उसके साथ आए एक अन्य व्यक्ति ने उसके घर का गेट खटखटाया। जैसे ही उसने गेट खोला तो सुरेश कुमार ने उस पर बंदूक तान दी। इस पर उसने बंदूकधारी व्यक्ति को धक्का मारा जिससे बंदूक जमीन पर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी।


चंगुल से छूटकर भागा तो दाग दी गोली
इस दौरान बड़ी मुश्किल से वह आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागा। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर गोली दाग दी जिसके छर्रे उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों में लगे। रवि कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ दूरी पर मौजूद पुल के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। उसने आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्ति उसे काफी दूर तक ढूंढते रहे।


आरोपियों से पूछताछ में जुटी पुलिस
ए.एस.पी. बिलासपुर भागमल ने बताया कि दोनों आरोपी सुरेश कुमार एवं राजीव कुमार पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं। बरमाणा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है तथा आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।

Vijay