कमरे में चली गोली, व्यक्ति को इस हाल में देख घरवालों के उड़े होश

Sunday, Mar 05, 2017 - 08:06 PM (IST)

सोलन: सायरी क्षेत्र में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। घायल को कुनिहार अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे आई.जी.एम.सी. शिमला रैफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। गोली कैसे चली इसका कुछ पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार उपमंडल कंडाघाट के सायरी क्षेत्र में देवेंद्र को गोली लगने के बाद उपचार के लिए कुनिहार अस्पताल लाया गया। यहां से उसे शिमला रैफर किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन घायल व्यक्ति बयान देने की हालत में नहीं था। वहीं जांच में पुलिस को यह पता चला है कि गोली गलती से चली है। 

बंदूक साफ करते समय चली गोली
बताया जा रहा है कि देवेंद्र कमरे में बैठकर अपनी बंदूक साफ कर रहा था कि इसी दौरान गोली चल गई और उसके कंधे पर लग गई। परिजनों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी तो वे दौड़कर देवेंद्र के पास पहुंचे जहां वह खून से लथपथ पड़ा था। हालांकि गोली चलने की सही वजह का खुलासा घायल व्यक्ति के बयान देने के बाद ही होगा। डी.एस.पी. विद्या चंद नेगी ने बताया कि पुलिस टीम घायल का बयान लेने के लिए अस्पताल गई थी लेकिन वह बयान देने की हालत में नहीं है। घायल के बयान के बाद ही मामले से पर्दा उठेगा। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।