अग्निकांड प्रभावितों के फिर से बनेंगे नए आशियाने

Monday, Mar 12, 2018 - 02:08 PM (IST)

कुल्लू: भीषण अग्निकांड में राख हुए आशियानों को एक बार फिर से बनाया जाएगा। दरअसल यह बात कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने रविवार को शिलाग्रां में अग्निकांड से प्रभावित हुए परिवारों से मिलने के बाद कही। उन्होंने  कहा कि अग्निकांड प्रभावितों की हरसंभव मदद की जाएगी और उन्हें एक माह तक सरकारी राशन मिलेगा। जानकारीे के मुताबिक गत दिनों लगघाटी के दूरदराज गांव शिलाग्रां में आग लगने से 8 परिवारों के 30 सदस्य बेघर हो गए थे। इतना ही नहीं पशु समेत अन्य संपति का भारी नुकसान हो गया था। 


40 हजार देने की घोषणा
बताया जा रहा है कि विधायक  ने पीड़ित परिवार  जिनके घर उजड़े और जिनका नुकसान हुआ है उन्हें 40 हजार देने की घोषणा भी की है। उन्होंने मकान बनाने के लिये टीडी की लकड़ी की वन विभाग से शीघ्रता से मंजूरी दिलाने का आश्वासन भी दिया। अग्निकांड से डाबे राम, टिकम राम, लाल चंद, राम चंद, निरत राम, शेर सिंह, शेर सिंह, जयचंद और शेर सिंह के परिवारों के आशियाने उजड़ गएथे। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने विधायक विकास निधि के तहत युवक मंडल शिलीहार को कुर्सियां, टेंट एंव अन्य सामान वितरित किए। इस अवसर पर युवक मंडल सदस्यों को बधाई देते हुए विधायक ने कहा कि युवक मंडल एंव महिला मंडल को आत्मनिर्भर एंव स्वाबलंबी बनाना उनका लक्ष्य है।