Fire season : अग्निशमन विभाग मुस्तैद, इस दिन से रद्द की कर्मचारियों की छुट्टियां

Sunday, Apr 14, 2019 - 10:40 AM (IST)

सोलन : गर्मियां बढऩे के साथ ही आग की घटनाएं भी बढऩा शुरू हो जाती हैं। इसे देखते हुए फायर सीजन में कर्मचारियों को मिलने वाली छुट्टियां बंद कर दी गई हैं। 14 अप्रैल से फायर सीजन भी शुरू हो गया है लेकिन फायर सीजन के दौरान विभाग को मिलने वाले अतिरिक्त फायर फाइटर्स अभी नहीं मिल पाए हैं। इस बार अभी तक मौसम ठंडा होने के कारण आग लगने की घटनाएं भी कम ही सामने आ रही हैं। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, आग की घटनाओं में भी बढ़ौतरी हो जाएगी। अब कर्मचारियों को आपातकाल में ही छुट्टियां मिल पाएंगी।

यही नहीं, हर वर्ष विभाग के अग्निशमन केंद्र सोलन में 6 अतिरिक्त होमगार्ड जवानों को भेजा जाता है। वर्ष, 2016 में भी मई माह में ये कर्मचारी केंद्र को मिले थे, वर्ष 2017 और 2018 में तो सोलन केंद्र को कोई भी अतिरिक्त कर्मचारी नहीं मिल पाया था। विभाग का कहना है कि अभी कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात हैं और इसके बाद ही मिल सकते हैं। यहां बता दें कि विभाग को पिछले वर्ष भी अतिरिक्त फायर फाइटर्स नहीं मिल पाए थे। अग्निशमन सेवा सप्ताह शुरू अग्निशमन सेवा सप्ताह हर वर्ष विभाग द्वारा मनाया जाता है। इस वर्ष भी 14 से 20 अप्रैल तक इसका आयोजन किया जा रहा है।

इस दौरान उद्योगों, स्कूलों व विभिन्न संस्थानों में जाकर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। पर्चे बांटकर पर्यटकों व आम नागरिकों को आग की घटनाओं से बचाव की जानकारी दी जाएगी। यह सप्ताह 14 अप्रैल, 1944 को मुंबई में एक मालवाहक जहाज में भीषण अग्रिकांड में जान गंवाने वालों की याद में मनाया जाता है। इसमें 66 अग्निशमन कर्मचारियों व कुल 231 लोगों की जानें गई थीं। अग्रिशमन अधिकारी राजा राम ने आम जनता से यह भी अपील की है कि आग के प्रति सचेत रहें। खाना बनाने के बाद रैगुलेटर को बंद करें। सावधानी के तौर पर जलती हुई बीड़ी-सिगरेट व माचिस की तीली को जंगल में न फैंकें। जंगल की आग से कई बार मकानों को भी खतरा हो जाता है। जंगल की आग से मकानों को बचाने के लिए मकान के आसपास सफाई रखें और चीड़ आदि की सूखी पत्तियों को हटाते रहना चाहिए।

kirti