भीषण आग से 2 घर जलकर राख, सिलैंडर फटने से झुलसे आग बुझा रहे लोग

Friday, Apr 20, 2018 - 05:55 PM (IST)

लडभड़ोल: तहसील के खद्दर गांव में वीरवार देर रात करीब डेढ़ बजे आग से 2 परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए। आग विजय कुमार और सुनील कुमार पुत्र राजमल के घरों में लगी थी, जिसने देखते ही देखते भयानक रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती, उससे पहले ही 2 परिवारों के घर और सपने दोनों जलकर राख हो गए थे। 


आग लगने के कारणों का नहीं लगा पता
इस दौरान घर में रखा सिलैंडर भी फट गया, जिससे घटनास्थल पर मौजूद लोग भी झुलसे हैं। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से क्षेत्रीय कानूनगो अमरनाथ सिंह, पटवारी बुद्धि सिंह व अभिषेक शर्मा रात को ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। लडभड़ोल पुलिस भी रात को ही घटनास्थल पर पहुंची और आग लगने के कारणों की छानबीन में जुट गई है।


पीड़ित परिवारों को दिए 5-5 हजार रुपए
नायब तहसीलदार प्रवीण कुमार ने कहा कि मौके पर जाकर पीड़ित परिवारों को प्रशासन की तरफ  से 5-5 हजार रुपए तथा एक-एक तिरपाल फौरी राहत के तौर पर दिया गया। नुक्सान का आकलन  किया जा रहा है। नियमानुसार पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मदद की जाएगी। स्थानीय विधायक प्रकाश राणा ने भी घटनास्थल का दौरा किया तथा प्रभावित परिवारों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को अपनी ओर से 10-10 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी। 


इलाके में अग्निशमन केंद्र नहीं खोल पाई सरकार 
लडभड़ोल क्षेत्र में यह कोई इस तरह का पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्र में कई आशियाने इसी तरह से जलकर राख हो चुके हैं लेकिन सरकार आज दिन तक इस इलाके में अग्निशमन केंद्र नहीं खोल पाई है।

Vijay