जोरधार धमाकों के बाद विद्युत सब स्टेशन में लगी आग, ट्रांसफार्मर जलकर राख

Saturday, Sep 30, 2017 - 11:42 PM (IST)

सुजानपुर: विद्युत सब स्टेशन सुजानपुर में शनिवार को आग लग गई। आग लगने से जोरदार धमाकों के साथ पूरे शहर की बत्ती गुल हो गई, जो देर शाम तक बहाल हुई। गनीमत यह रही कि आग की इस घटना में विद्युत विभाग को छोड़ किसी को नुक्सान नहीं हुआ तथा विभाग नुक्सान का आकलन कर रहा है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार प्रात: 9 बजे के करीब सुजानपुर शहर में 2 जोरदार धमाके हुए, जिसके बाद एकदम से बत्ती गुल हो गई। विद्युत सप्लाई ठप्प होने के बाद विद्युत सब स्टेशन सुजानपुर के नजदीक फायर आफिस में लगे बड़े ट्रांसफार्मर आग की भेंट चढ़ गए। 

...तो हो सकता था बड़ा नुक्सान
इस घटना के तुरंत बाद विभाग के कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए जहां आग को काबू में किया, वहीं अन्य उपकरणों को जलने से बचाया। मौके पर विभागीय कर्मी कार्रवाई नहीं करते तो यह आग किसी बड़े नुक्सान को अंजाम दे सकती थी। आग की इस घटना के तुरंत बाद विद्युत विभाग ने अपनी पी.एन.टी. टीम कांगड़ा व सुंदरनगर से मंगवाई, जो राहत कार्य में जुट गई। विद्युत व्यवस्था देर शाम को बहाल हुई। आग लगने और विद्युत शार्ट सर्किट होने के क्या कारण रहे, विभाग इस संबंध में जांच कर रहा है।

तारों पर पेड़ गिरने से हुआ शार्ट सर्किट
विद्युत विभाग सुजानपुर के एस.डी.ओ. हेमराज ठाकुर ने बताया कि विद्युत सब स्टेशन पटलांदर 11 के.वी. के अंतर्गत किसी व्यक्ति ने वृक्ष आदि का कटान कर विद्युत तारों पर फैंक दिया है, जिसके चलते विद्युत तारों में शार्ट सॢकट होने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। यह कटान किसने किया है, इस संबंध में विभाग जांच कर रहा है जिस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी गई है लेकिन विभाग को काफी नुक्सान हुआ है।