बिंद्रावन स्कूल में अग्निकांड से 4 लाख रुपए का नुक्सान, दमकल कर्मचारी झुलसा

punjabkesari.in Sunday, Apr 25, 2021 - 06:27 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिंद्रावन में रविवार को आग लगने से विद्यालय परिसर का कुछ भाग जलकर राख हो गया। वहीं घटना में लगभग 4 लाख रुपए के नुक्सान का आकलन किया गया है। आग विद्यालय परिसर के पुराने भवन में लगी। इस भवन में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किया जा रहा था, वहीं विद्यालय का स्पोट्र्स रूम भी इसी परिसर में था। अग्निकांड में स्पोट्र्स रूम में रखा गया खेल का समान पूरी तरह से राख हो गया जबकि आंगनबाड़ी केंद्र में भी अलमारी तथा अन्य फर्नीचर जल गया।
PunjabKesari, Burn School Campus Image

आग लगने के कारणों का नहीं चला पता

जानकारी के अनुसार कोविड-19 के कारण स्कूल इन दिनों बंद है। रविवार होने के कारण स्कूल परिसर में कोई नहीं था। सूचना मिलने पर स्कूल प्रशासन तथा अन्य घटनास्थल पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने स्कूल परिसर से धुआं उठता देखा तो इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र पालमपुर को दी गई। अग्निशमन कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया तथा स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। आग किन कारणों से लगी फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सारी स्थिति की समीक्षा की है।
PunjabKesari, Burn School Campus Image

दमकल कर्मचारी झुलसा

अग्निकांड के पश्चात आग पर काबू पाते समय दमकल विभाग का एक कर्मचारी झुलस गया। दमकल केंद्र के सह प्रभारी दीपक ठाकुर आग पर काबू पाते हुए घायल हुए हैं।  आग पर काबू पाते समय उनके माथे पर चोट लगी है, वहीं बाजू तथा मुंह भी झुलस गया है। यद्यपि दीपक ठाकुर को कोई गंभीर चोट नहीं लगी है।

पहले भी घट चुकी है अग्निकांड की घटना

विदित रहे कि विद्यालय में पहले भी अग्निकांड की घटना घट चुकी है। उधर अग्निकांड की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, नगर निगम के पार्षद गोपाल नाग तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक कपूर भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। अग्निशमन केंद्र पालमपुर के अनुसार घटना में प्रथम दृष्टया लगभग चार लाख की हानि का आकलन किया गया है। उधर, तहसीलदार पालमपुर वेदप्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि हानि का आकलन किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News