भीषण अग्निकांड : फोजल में धू-धू कर जला मकान, 10 लाख का नुकसान

Saturday, Dec 15, 2018 - 07:30 PM (IST)

मनाली (सोनू): जिला कुल्लू के फोजल में आग लगने से एक मकान राख हो गया है। आग लगने से 10 लाख की सम्पत्ति नष्ट हो गई है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम के समय फोजल निवासी चंपा देवी पत्नी स्वर्गीय तेज राम के मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार उक्त मकान में चंपा देवी का परिवार रहता था। जिस समय घर में आग लगी उस समय घर में एक बुजुर्ग महिला व उसका पोता था। काष्ठकुणी शैली के इस मकान में आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

दमकल विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से बुझाई आग

दमकल विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। दमकल विभाग मनाली के फायर मैन केवल सिंह ने बताया कि विभाग को ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग के जवानों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया है। इस घटना में करीब 10 लाख रुपए की संपत्ति राख हुई है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

 

Vijay