आग की भेंट चढ़े दोमंजिला मकान व गऊशाला, लाखों का नुक्सान

punjabkesari.in Wednesday, Dec 26, 2018 - 06:00 PM (IST)

घुमारवीं: उपतहसील कलोल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत भड़ोली कलांं के गांव भटेडफ़ालां में एक मकान तथा गऊशाला जलकर राख हो गई। यह रिहायशी मकान तथा गऊशाला ब्रह्मी देवी पत्नी रतन सिंह के थे। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 9 बजे मकान से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ। ब्रह्मी देवी उसके बेटे रामवीर, रणवीर व कुलदीप सिंह तथा परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कार्य में लगे हुए थे। सारा परिवार घर की तरफ  भागा तथा शोर मचाने लगे। परिवार के सदस्यों ने गऊशाला के अंदर बंधे पशुओं को तुरंत बाहर निकाल लिया, जिससे पशुओं की जान बच गई। थोड़ी ही देर में आग की लपटें चारों तरफ  फैल गईं। गांव के तमाम लोग दिला राम, इंद्र सिंह व बलदेव सिंह आदि तुरंत मौके पर पहुंचे। गांव के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन यह प्रयास नाकाफी थे।
PunjabKesari

कुछ साहसी लोगों ने मकान से निकाला सामान

इसी दौरान कुछ साहसी लोगों ने मकान के अंदर रखा हुआ थोड़ा बहुत सामान बचा लिया और बाकी सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि आसपास के गांव के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इस घटना में ब्रह्मी देवी का दोमंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि इस मकान की निचली मंजिल में 3 कमरे थे तथा ऊपर वाली मंजिल में भी 3 कमरे थे, जो जलकर राख हो गए। ब्रह्मी देवी की गऊशाला भी आग में जलकर राख हो गई।
PunjabKesari

परिवार को 7 से 8 लाख रुपए का नुक्सान

जानकारी के अनुसार ब्रह्मी देवी की गऊशाला में रखा हुआ सारा घास आग की भेंट चढ़ गया। इसके अलावा रिहायशी मकान के ऊपर की मंजिल में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि इस घटना में परिवार को लगभग 7 से 8 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कलोल रमेश धीमान तुरंत घटनास्थल पहुंचे तथा हलका पटवारी को नुक्सान का आकलन करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवार को 10,000 रुपए फौरी राहत राशि प्रदान कर दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में ब्रह्मी देवी का एक रिहायशी मकान तथा गऊशाला जलकर राख हो गए हैं। वहीं फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां भी मौके पर पहुंच चुकी थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News