कुल्लू: ऊझी घाटी के ब्रानी रा ग्रां गांव में आग की भेंट चढ़ा अढ़ाई मंजिला मकान, 25 लाख रुपए का नुक्सान

Wednesday, Feb 14, 2024 - 04:54 PM (IST)

नग्गर (आचार्य): कुल्लू जिला के तहत ऊझी घाटी के ब्रानी रा ग्रां गांव में देर रात एक अढ़ाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया। इस मकान में 8 कमरे और एक बड़ा बरामदा था जोकि लकड़ी के बने हुए थे। इस मकान में टेक चंद और तीर्थ राम का परिवार रहता था। देर रात जब अग्निकांड हुआ तब टेक चंद, उनकी पत्नी व बेटी मकान में ही थे। आग लगते ही पूरे परिवार ने छत के रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गांव वालों ने भी मकान में लगी आग को बुझाने के लिए काफी प्रयास किए किंतु आग के विकराल रूप धारण करने के चलते मकान को जलने से नहीं बचाया जा सका। हालांकि ग्रामीणों ने एक गाय को बाहर निकाल लिया नहीं तो गाय भी इस आग में जल सकती थी।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, जिसने 10 लाख की संपत्ति को जलने से बचा लिया। अग्निशमन विभाग पतलीकूहल के अधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि अग्निकांड में लगभग 25 लाख रुपए की संपत्ति का नुक्सान हुआ है। इस अग्निकांड में टेक चंद व तीर्थ राम का पूरा मकान जलकर राख हो गया है। बहरहाल अब प्रभावित परिवार अपने पड़ोसियों के यहां शरण लेकर रह रहा है। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अज्ञात है। वहीं प्रशासन की ओर से प्रभावितों को 50 हजार रुपए नकद, बर्तन, बिस्तर व तिरपाल आदि दिए गए हैं ।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay