सलूणी में आग से 3 भाइयों के मकान व देवदार के 60 स्लीपर राख, 25 लाख का नुक्सान

Wednesday, May 18, 2022 - 08:51 PM (IST)

सलूणी (शक्ति): चम्बा के उपमंडल मुख्यालय सलूणी में 3 भाइयों के मकान व देवदार के 60 स्लीपर आग से राख हो गए। इस घटना में 25 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है। जानकारी के अनुसार उपमंडल मुख्यालय में जल शक्ति मंडल सलूणी के साथ कूड़े-कचरे में अचानक आग लगी और देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। इस आग में 3 भाइयों महिंद्र सिंह शर्मा, मदन मोहन शर्मा व सर्वेश शर्मा के लकड़ीनुमा मकान राख हो गए। लोगों ने आग पर काबू पाया लेकिन आग ने मकानों को पूरी तरह राख कर दिया। 

आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण राजस्व अधिकारी सुनील शर्मा ने आग के नुक्सान का अनुमानित आकलन कर अपने उच्चाधिकरियों को प्रेषित किया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने प्रभावित तीनों भाइयों को राहत राशि प्रदान की। विदित रहे कि 2 साल पूर्व मुख्यालय में पवन ठाकुर व मदन ठाकुर की दुकानों में भीषण अग्निकांड से लाखों रुपए का नुक्सान हुआ था। इस मौके पर जिला मार्कीट अध्यक्ष डीएस ठाकुर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। उधर, तहसीलदार सलूणी पवन ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित व्यक्तियों को 10-10 हजार रुपए की फौरी राहत राशि दे दी है। नियमों के अनुसार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता की जाएगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay