गाहर में आग की भेंट चढ़ा 8 कमरों का मकान, 55 लाख रुपए का नुक्सान

Thursday, Feb 25, 2021 - 09:12 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): कुल्लू जिला मुख्यालय से सटी खराहल घाटी के गाहर गांव में वीरवार देर शाम को एक अढ़ाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया। आग लगने से घर के अंदर रखा हुआ सारा सामान भी जल राख हो गया। जानकारी के मुताबिक देर शाम को गाहर गांव में लकड़ी से बने एक मकान में अचानक आग लग गई।  ग्रामीणों ने आग को बुझाने को कड़ी मशक्कत की लेकिन घर के अंदर रखें सिलैंडर फटने से आग ने पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया। जिसके बाद पल भर में मकान राख हो गया।

घटना में 4 परिवारों के 11 लोग हुए बेघर

इस मकान के 8 कमरे थे, ऐसे में 4 परिवारों के 11 लोग बेघर हो गए हैं। घटना की जानकारी अग्निशमन केंद्र कुल्लू को भी दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के कर्मचारी फायर टैंडर के साथ मौके पर पहुंचे। गाहर पंचायत के प्रधान रोहित वत्स धामी ने बताया कि शाम के समय अचानक लेख राम, हेम राज, केहर व अमर नाथ के लकड़ी के मकान में आग लगने से पूरा मकान जलकर राख हो गया।

प्रशासन ने दी 10,000 रुपए की फौरी मदद

ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर आग को बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की लेकिन लकड़ी का मकान होने से घर के अंदर रखे फर्नीचर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 55 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवारों को 10,000 रुपए की फौरी मदद दे दी गई है। पीड़ित परिवारों के रहने व खाने-पीने का उचित प्रबंध किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दी जाए। फायर अफसर दुर्गा सिंह ने कहा कि इस घटना में करीब 55 लाख रुपए के नुक्सान का आकलन किया गया है जबकि 10 लाख रुपए की संपत्ति को बचाया गया है।

Content Writer

Vijay