भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़ा मकान, परिवार को लाखों का नुक्सान

Sunday, Mar 15, 2020 - 07:51 PM (IST)

भराड़ी (ब्यूरो): ग्राम पंचायत ऊपरली सलाओं के सलाओं गांव में एक रिहायशी मकान भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़ गया। इस घटना में पीड़ित परिवार को करीब 2 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान है। जानकारी के अनुसार मकान मालिक दिल्ली में परिवार सहित रहता है और दोनों बच्चे अपने ताया के पास भपराल गए थे। जब आग लगी तो उस समय घर पर कोई नहीं था।

जानकारी के मुताबिक वीरेंद्र सिंह पुत्र कश्मीर सिंह के मकान में रविवार सुबह करीब 6 बजे स्थानीय निवासी उपेंद्र सिंह ने आग की लपटें व धुंआ निकलते देखा। यह देखकर उपेंद्र सिंह जोर से चिल्लाने लगा। इस पर गांव के लोग वहां पर इकट्ठे हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक पीड़ित परिवार को काफी नुक्सान हो चुका था।

इस घटना में घर में रखे बैड, साेफे, एलईडी, कपड़े सहित अन्य सामान जल गया है। उधर, ग्राम पंचायत ऊपरली सलाओं की प्रधान सुलक्षणा पठानिया ने बताया कि अचानक आग लगने से वीरेंद्र सिंह को काफी नुक्सान हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस व राजस्व अधिकारी को सूचित कर दिया गया है। पुलिस थाना भराड़ी ने मौके पर पहुंचकर नुक्सान का जायजा लेकर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक दृष्टि से इस हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Vijay